चीन ने पहली बार होर्मुज पर खोला मुंह, अमेरिका और ईरान को खूब सुनाया, क्या कहा?
China On Hormuz: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत में कहा कि होर्मुज में सामान्य नौवहन बहाल किया जाना चाहिए, क्योंकि यह क्षेत्रीय देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों की रक्षा करता है।

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच चीन ने होर्मुज स्ट्रेट को अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग घोषित किया है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार को इसे जहाजों के सामान्य आवागमन के लिए फिर से खोलने पर जोर दिया। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत में कहा कि होर्मुज में सामान्य नौवहन बहाल किया जाना चाहिए, क्योंकि यह क्षेत्रीय देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों की रक्षा करता है। बता दें कि ईरान द्वारा होर्मुज को बंद करने और अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी के बाद यह चीन का पहला बयान है।
दरअसल, होर्मुज के बंद रहने से वैश्विक स्तर पर, खासकर एशिया में ऊर्जा संकट गहरा गया है। चीन, जो ईरानी तेल का प्रमुख आयातक है, अमेरिका-इजरायल-ईरान संघर्ष के लंबे समय तक चलने से चिंतित है। शी जिनपिंग ने कहा कि चीन क्षेत्रीय देशों को सद्भावना, विकास, सुरक्षा और सहयोग के आधार पर एक साझा भविष्य बनाने में समर्थन देता है, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। जिनपिंग का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चीन ने मार्च 2023 में ईरान और सऊदी अरब जैसे कट्टर प्रतिद्वंद्वियों को एक मंच पर लाकर पश्चिम एशिया में बड़ी कूटनीतिक सफलता हासिल की थी। दोनों देशों ने राजनयिक संबंध बहाल कर लिए थे। हालांकि, वर्तमान अमेरिका-ईरान संघर्ष ने स्थिति को बदल दिया है।
दूसरी ओर चीनी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी नौसेना द्वारा एक चीनी-सम्बद्ध मालवाहक जहाज पर गोलीबारी और उसके बाद उसे जब्त करने की घटना पर गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि हम अमेरिका द्वारा जहाज को जबरन रोके जाने से चिंतित हैं। हम आशा करते हैं कि संबंधित पक्ष जिम्मेदारी से युद्धविराम समझौते का सम्मान करेंगे, विवादों को बढ़ने से रोकेंगे और होर्मुज में सामान्य आवागमन बहाल करने की स्थितियां बनाएंगे। गुओ जियाकुन ने ईरान के दावे का जवाब देते हुए कहा कि होर्मुज अंतरराष्ट्रीय आवागमन का मार्ग है। इसे सुरक्षित और स्थिर रखना तथा निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करना सभी के साझा हित में है।
वहीं, भारतीय झंडे वाले जहाजों पर ईरानी सुरक्षा बलों द्वारा गोलीबारी की घटना पर पूछे जाने पर गुओ जियाकुन ने कहा कि हम होर्मुज स्ट्रेट पर अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। हम दोहराते हैं कि यह अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और इसे नौवहन के लिए खुला रखना क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों की पूर्ति करता है। इस दौरान प्रवक्ता ने यह भी कहा कि चीन उम्मीद करता है कि सभी पक्ष स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए मिलकर काम करेंगे। आगे उन्होंने कहा कि चीन अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर तनाव कम करने के प्रयासों में योगदान देने को तैयार है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन