हिमाचल: 1 फरवरी से BPL सर्वे, CM ने दिए ऑर्डर; जानें आप पात्र हैं या नहीं?
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।सर्वे के पहले तीन चरणों में प्रदेशभर से कुल 59,829 पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में जोड़ा गया है।

हिमाचल प्रदेश में बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों की पहचान के लिए किए जाने वाले सर्वे का चौथा चरण 1 फरवरी, 2026 से शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम ने इस बात पर एकबार फिर जोर दिया कि सरकार हर पात्र परिवार को बीपीएल सूची में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे अलग-अलग सरकारी योजनाओं के जरिए लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि 'यह सर्वे पांच चरणों में होगा जिससे कोई भी जरूरतमंद गरीब परिवार अपने हक से वंचित न रह जाए।' आपको बता दें कि सर्वे के पहले तीन चरणों में प्रदेशभर से कुल 59,829 पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में जोड़ा गया है।

कौन-कौन हैं पात्र?
बीपीएल की मौजूदा चयन प्रक्रिया के तहत में 27 साल तक के अनाथ सदस्यों वाले परिवार या ऐसे परिवार जिनमें सिर्फ 59 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग सदस्य हों और 27 से 59 साल के बीच कोई भी स्वस्थ वयस्क न हो, उन्हें शामिल किया जाएगा। इनके अलावा जिन परिवारों की मुखिया महिलाएं हैं और जिनमें 27 से 59 साल के बीच कोई भी स्वस्थ पुरुष सदस्य नहीं। इनके अलावा ऐसी महिलाएं जो कि विधवा, तलाकशुदा, छोड़ी हुई या अन्य अकेली महिलाओं के परिवार भी बीपीएल में शामिल होने के पात्र हैं।
इन्हें भी माना जाएगा पात्र
वहीं मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि जो परिवार पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान मनरेगा के तहत कम से कम 100 दिनों तक काम कर चुके हैं, उन्हें भी पात्र माना जाएगा। आपको बता दें कि जिन परिवारों के कमाने वाले सदस्य कैंसर, अल्जाइमर, पार्किंसंस, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया या किसी अन्य ऐसी बीमारी से पीड़ित हैं जिसके कारण विकलांगता हो जाती है, वे भी इसके लिए पात्र हैं। इनके अलावा बीपीएल के तहत वे परिवार भी शामिल किए जाएंगे जिनके पास अपना पक्का मकान हैं और जिन्हें राज्य या केंद्र की आवास योजनाओं के तहत वित्तीय मदद मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन