हिमाचल में चिट्टा तस्करी पर ताबड़तोड़ एक्शन, 145 ठिकानों पर छापामारी, कितना माल बरामद हुआ?
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘एंटी-चिट्टा’ अभियान के तहत रविवार को राज्यभर में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। पुलिस ने एक साथ 145 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया और भारी मात्रा में मादक पदार्थ व अवैध शराब जब्त की।

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘एंटी-चिट्टा’ अभियान के तहत रविवार को राज्यभर में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। पुलिस ने एक साथ 145 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया और भारी मात्रा में मादक पदार्थ व अवैध शराब जब्त की।
कितना माल बरामद हुआ?
राजधानी शिमला से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस अभियान के दौरान 406 ग्राम चरस, 19.236 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 124 ग्राम पोस्त (चूरा-पोस्त) और 4,65,100 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत छह मामले दर्ज किए गए, जबकि चार मामले आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं।
राज्य के सभी जिलों में चला अभियान
यह समन्वित सर्च और रेड ऑपरेशन हिमाचल प्रदेश पुलिस के नेतृत्व में राज्य के सभी जिलों में चलाया गया। इसमें राज्य खुफिया विभाग, सशस्त्र बलों और जिला पुलिस की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। अभियान के दौरान ड्रग डिटेक्शन किट का प्रभावी इस्तेमाल किया गया और तलाशी, जब्ती व गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की गई।
पुलिस ने की आम लोगों से अपील
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट, भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS), आर्म्स एक्ट और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत की गई। राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने साफ किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान और अधिक व्यापक, वैज्ञानिक और आक्रामक तरीके से जारी रहेगा।
पुलिस ने युवाओं सहित आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की नशीली गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 नंबर या नजदीकी पुलिस थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सरकार का लक्ष्य हिमाचल को नशा-मुक्त राज्य बनाना है, और इसके लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन