Himachal weather double attack of heat scorching weatwaves in day and night also hot shimla temperature high हिमाचल में गर्मी का डबल अटैक, दिन का चैन और रात की नींद खराब, शिमला का पारा भी हाई, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल में गर्मी का डबल अटैक, दिन का चैन और रात की नींद खराब, शिमला का पारा भी हाई

शिमला में इस बार मई महीने में असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शिमला का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है।

Wed, 20 May 2026 11:59 AMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल में गर्मी का डबल अटैक, दिन का चैन और रात की नींद खराब, शिमला का पारा भी हाई

हिमाचल प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि जहां ऊना और निचले क्षेत्रों में लू चल रही है, वहीं राजधानी शिमला की रातें भी अब मैदानों जैसी गर्म महसूस होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चल रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां लू की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए भी कुछ मैदानी और निचले इलाकों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ती गर्मी से लोग परेशान हैं और दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम हो रही है। कई इलाकों में लोगों को रात के समय भी गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में टेम्प्रेचर का टॉर्चर तेज, 45° पार पहुंचा पारा, अगले 7 दिन रहेंगे भारी

शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा

राजधानी शिमला में इस बार मई महीने में असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शिमला का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। पहाड़ी शहर में रात का तापमान 20 डिग्री पार पहुंचना लोगों को हैरान कर रहा है। इससे पहले मंगलवार को शिमला का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। इस तरह पर्यटक स्थलों पर भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है और लोग दिन के समय छांव और ठंडी जगहों की तलाश करते नजर आ रहे हैं। सिर्फ शिमला ही नहीं, मनाली और कल्पा जैसे हिल स्टेशनों में भी तापमान बढ़ा है। मनाली का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और कल्पा का 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला, पालमपुर और सोलन जैसे शहरों में भी रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चारधाम यात्रा का प्लान? वाट्सएप पर एक मैसेज से पास, मौसम और ट्रैफिक की डिटेल

बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना

हालांकि गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम विभाग ने कुछ राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार 21 मई से 23 मई के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 मई से 26 मई तक भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

बीते 24 घंटों में भुंतर में 19.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सांगला में हल्की वर्षा हुई। इसके बावजूद अधिकांश इलाकों में गर्मी का असर कायम है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो नेरी सबसे गर्म रहा, जहां रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बिलासपुर, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 24 डिग्री, पालमपुर और जुब्बड़हट्टी में 23 डिग्री, धर्मशाला में 21.2 डिग्री और ऊना में 21 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मौसम बस देने वाला है गुड न्यूज, कब तक आ रहा मॉनसून; आज 10 राज्यों में होगी बारिश

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।