'इसने हमारे अमरूद चुराए हैं'; हिमाचल के ऊना में रिटायर्ड फौजी ने मासूम बच्ची को दी 'तालिबानी' सजा
Himachal Pradesh Crime News : हिमाचल प्रदेश के ऊना के गांव बहडाला में एक रिटायर्ड फौजी द्वारा अमरूद तोड़ने पर एक मासूम प्रवासी बच्ची को रेलिंग से बांध कर अमानवीय यातना देने का मामला सामने आया है।

Himachal Pradesh Crime News : हिमाचल प्रदेश के ऊना के गांव बहडाला में एक रिटायर्ड फौजी द्वारा अमरूद तोड़ने पर एक मासूम प्रवासी बच्ची को रेलिंग से बांध कर अमानवीय यातना देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी रिटायर्ड फौजी पर बीएनएस की धारा 115(2), 127(2) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा-75 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ऊना सचिन हीरामठ ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह कृत्य न केवल गैरकानूनी है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के भी विपरीत है। वहीं, हिमाचल प्रदेश महिला आयोग ने इस घटना का संज्ञान लिया है। आयोग की चेयरमैन विद्या नेगी ने सोशल मीडिया पर इसकी सूचना दी है। पीड़ित बच्ची का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल भी करवाया गया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अंकल मुझे बचा लो, रहम की भीख मांगती रही बच्ची
5 अप्रैल को ऊना के बहडाला गांव में एक रिटायर्ड फौजी के घर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ने पर इस बच्ची को तालिबानी सजा दी गई। आरोपी रिटायर्ड फौजी ने पीड़िता को घर के अंदर सीढ़ियों पर लगी लोहे की रेलिंग से बांधकर पीटा। मर्चेंट नेवी में कार्यरत कैप्टन रोहित जसवाल जब मौके से गुजर रहे थे तो उन्होंने बच्ची को एक घर में सीढ़ियों से बंधी हुई देखा और तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी से बच्ची को छोड़ने के लिए भी कहा, लेकिन आरोपी अपनी जिद पर अड़ा रहा।
रोहित जसवाल ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित बच्ची रोती-बिलखती हुई उनसे कह रही है कि ‘अंकल मुझे बचा लो’, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। वहीं, आरोपी रिटायर्ड फौजी भी कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि 'इसने हमारे अमरूद चुराए हैं। तब रोहित उससे पूछते हैं कि अमरूद चुराए तो ऐसे मारोगे?
नेवी कैप्टन ने छुड़ाया, आरोपी मांगने लगा माफी
कैप्टन रोहित जसवाल ने साहस दिखाते हुए बच्ची को छुड़ाकर सुरक्षित घर पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस व चाइल्ड हेल्पलाइन को दी। सूचना मिलते ही पहले चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची, जिसे देखकर पूर्व सैनिक के तेवर बेहद नरम पड़ गए और उसने तुरंत अपने कृत्य के लिए माफी मांग ली। हालांकि, पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी रोष फैल गया।
लोग कर रहे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की
हर कोई इस अमानवीय व्यवहार की कड़ी निंदा कर रहा है। लोगों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची को इस तरह सजा देना किसी भी हालत में जायज नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन