himachal pradesh western disturbance forecast rain and snowfall for 4 days yellow alert of dense fog in lower areas हिमाचल में 4 दिन बारिश-बर्फबारी को रहें तैयार, निचले इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल में 4 दिन बारिश-बर्फबारी को रहें तैयार, निचले इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट

Himachal Pradesh Weather Forecast : हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट लेने जा रहा है और लंबे समय से चला आ रहा ड्राई स्पेल अब टूट सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।  

Sun, 28 Dec 2025 11:48 AMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल में 4 दिन बारिश-बर्फबारी को रहें तैयार, निचले इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट लेने जा रहा है और लंबे समय से चला आ रहा ड्राई स्पेल अब टूट सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाने और बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है।

हिमाचल में 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक लगातार 4 दिन मौसम खराब रह सकता है, जबकि 29 दिसंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है और 3 जनवरी को फिर से आसमान साफ हो सकता है। इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, मंडी, शिमला और कांगड़ा जिलों में बारिश व ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी और मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जिसका सैलानी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल के बीर बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान हुआ हादसा, पायलट की दर्दनाक मौत

लगातार चौथे साल दिसंबर में नहीं हुई बर्फबारी

शिमला में यह लगातार चौथा साल है जब दिसंबर में बर्फबारी नहीं हुई है। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग भी मायूस हैं। इस बदलाव से किसानों और बागवानों को राहत मिल सकती है, क्योंकि सेब सहित अन्य फसलों के लिए ठंड और नमी बेहद जरूरी मानी जाती है।

उधर, मौसम के इस बदले मिजाज के साथ-साथ निचले और मैदानी इलाकों में घने कोहरे की समस्या भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंडी और बिलासपुर जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगले चार दिन यानी 1 जनवरी तक सुबह और देर रात को दृश्यता बेहद कम रह सकती है। आज बिलासपुर में कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर और सुंदरनगर में 70 मीटर दर्ज की गई, जबकि मंडी में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते सड़क यातायात पर असर पड़ रहा है और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल के ऊना में खराब मौसम के चलते स्कूलों का समय बदला, देखें नया टाइम टेबल

ठंड का असर भी लगातार बढ़ रहा

राज्य में ठंड का असर भी लगातार बढ़ता जा रहा है और कई मैदानी व निचले इलाके पहाड़ी क्षेत्रों से भी ज्यादा सर्द हो गए हैं। आज लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, कुफरी में 6.8, मनाली में 3.5 और कल्पा में तापमान शून्य के आसपास रहा। सुंदरनगर में 2.8, भुंतर में 1.8, सोलन में 2.2, मंडी में 3.9, ऊना में 4.4, कांगड़ा में 5.6, नारकंडा में 4.3, रिकांगपिओ में 2.9, भरमौर में 8.1, कसौली में 9.4, बरठीं में 4.7, लंवत साहिब में 8, नाहन में 7.6 डिग्री और बिलासपुर में 7.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

खास बात यह है कि हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कई दिनों से शिमला से भी कम बना हुआ है और अब हमीरपुर की रातें मनाली की तरह ठंडी हो गई हैं। कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 5.6 और नाहन में 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है और बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।