हिमाचल प्रदेश के मौसम पर बड़ा अपडेट, इस दिन चलेगी तेज आंधी; बारिश भी होगी
पहाड़ी और ठंडे माने जाने वाले इलाकों में भी अब गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। शिमला, मनाली और कल्पा जैसे हिल स्टेशनों में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है और यहां पहुंचे सैलानी भी गर्मी महसूस कर रहे हैं। अब मौसम विभाग ने बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में मई के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार सुबह से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप खिली रही और निचले व मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी के कारण दिन के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि पहाड़ी और ठंडे माने जाने वाले इलाकों में भी अब गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। शिमला, मनाली और कल्पा जैसे हिल स्टेशनों में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है और यहां पहुंचे सैलानी भी गर्मी महसूस कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान ऊना, धर्मशाला, शिमला, सोलन और पालमपुर में लू की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है, लेकिन फिलहाल गर्मी का असर बना रहेगा।
स्कूलों का समय भी बदल गया
भीषण गर्मी को देखते हुए सिरमौर जिले के पांवटा साहिब और ऊना में प्रशासन ने कई स्कूलों की समय सारिणी बदल दी है। यहां स्कूल सुबह जल्दी खोले जा रहे हैं ताकि बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी से राहत मिल सके। बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है।
कहां कितना तापमान
राज्य में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार सुबह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान हमीरपुर जिला के नेरी में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 25-25 डिग्री, बिलासपुर में 22.5 डिग्री, ऊना में 21.8 डिग्री, नाहन और कांगड़ा में 21.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 21.4 डिग्री, शिमला में 20.6 डिग्री, मंडी में 20.2 डिग्री, सुंदरनगर में 19.1 डिग्री, धर्मशाला में 17.9 डिग्री, चंबा में 17.5 डिग्री, बरठीं में 17.1 डिग्री, सोलन में 16.7 डिग्री, भुंतर और कुफरी में 15.6 डिग्री, सियोगबाग में 14.5 डिग्री, मनाली में 14.4 डिग्री, सराहन में 13.1 डिग्री, कल्पा में 11 डिग्री, केलांग में 8.3 डिग्री, ताबो में 7.2 डिग्री और कुकुमसेरी में 6.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज से 23 मई तक कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। गुरुवार को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है तथा कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इस दिन ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 23 मई को भी कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 24 से 26 मई तक कुछ स्थानों पर हल्की गतिविधियां हो सकती हैं, जबकि 27 मई को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन