Himachal pradesh weather forecast due to western disturbence heavy rain alert till 16 may बदल गया हिमाचल प्रदेश का मौसम, कई जिलों में हुई तेज बारिश; तूफानी हवाओं का येलो अलर्ट, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बदल गया हिमाचल प्रदेश का मौसम, कई जिलों में हुई तेज बारिश; तूफानी हवाओं का येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अलर्ट के बीच बीती रात भी मौसम के कड़े तेवर देखने को मिले। शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा समेत अन्य हिस्सों में तेज हवाओं, बादलों की गड़गड़ाहट और हल्की से मध्यम बारिश का दौर चला। कई जगह अचानक चले अंधड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Thu, 14 May 2026 11:59 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
बदल गया हिमाचल प्रदेश का मौसम, कई जिलों में हुई तेज बारिश; तूफानी हवाओं का येलो अलर्ट

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में अलर्ट के बीच बीती रात भी मौसम के कड़े तेवर देखने को मिले। शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा समेत अन्य हिस्सों में तेज हवाओं, बादलों की गड़गड़ाहट और हल्की से मध्यम बारिश का दौर चला। कई जगह अचानक चले अंधड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार राहत की बात यह रही कि प्रदेश में कहीं से भी किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।

पिछले 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सबसे अधिक 18.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओलिंडा में 11.4, नंगल डैम में 9.2, आरएल बीबीएमबी में 7.4, कुफरी में 6.0, ऊना में 5.4, घमरूर में 4.0, कांगड़ा में 3.6, सियोबाग और मुरारी देवी में 2.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। शिमला, कल्पा और बरठीं में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और मुरारी देवी में गरज के साथ बिजली चमकी, जबकि सियोबाग में 48 और सुंदरनगर के केवीके क्षेत्र में 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जूनियर इंजीनियर के 149 पदों पर निकली वैकेंसी; कल से करें आवेदन

शिमला का मौसम कैसा

बारिश और बादलों के असर के बीच बुधवार सुबह शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। निचले और मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने से उमस बढ़ने लगी है। ऊना, पांवटा साहिब, देहरा गोपीपुर और बिलासपुर जैसे क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी हल्की ठंड बनी हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शिमला से फिर उड़ान भरेंगे विमान, दिल्ली से फ्लाइटों की आवाजाही का पूरा शेड्यूल

16 मई तक येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आगामी 16 मई तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 17 मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य और मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 18 से 20 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इससे निचले मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने और गर्मी के तेवर तीखे होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि मई महीने में अब तक लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। इसके कारण औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। यही वजह रही कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जैसे गर्म क्षेत्रों में भी इस बार मई के दौरान तेज गर्मी का असर कम रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में ठंड का एहसास बना हुआ है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में भरी गर्मी में आंधी-बारिश का अलर्ट, ओले भी गिरेंगे; कब तक ऐसे हालात

प्रदेश के प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान केलांग में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके बाद ताबो में 4.1, कुकुमसेरी में 5.2, कल्पा में 6.0, मनाली में 9.4, कुफरी में 10.1, सराहन में 10.5, भुंतर में 11.2, सियोबाग में 11.5, सोलन में 13.5, शिमला में 13.8, धर्मशाला में 13.9, पालमपुर में 14.0, बरठीं में 14.2, सुंदरनगर में 14.6, कांगड़ा में 15.3, जुब्बड़हट्टी में 15.5, मंडी में 16.1, ऊना में 17.0, बिलासपुर में 17.5, नाहन में 18.3, देहरा गोपीपुर में 21.0 और पांवटा साहिब में 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।