himachal pradesh weather forecast tourists rush for relief from heat police issue advisory गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंचे सैलानी, पुलिस की एडवाइजरी; कैसा रहेगा मौसम?, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंचे सैलानी, पुलिस की एडवाइजरी; कैसा रहेगा मौसम?

गर्मी से राहत पाने के लिए इस वीकेंड पर भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली जैसे पहाड़ी स्थलों पर पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ से शिमला और मनाली के होटलों में ऑक्यूपेंसी 85 फीसदी तक पहुंच गई है।

Sat, 23 May 2026 03:13 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
गर्मी से राहत पाने हिमाचल पहुंचे सैलानी, पुलिस की एडवाइजरी; कैसा रहेगा मौसम?

देश के मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी पर्यटन स्थलों में इस वीकेंड पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में सबसे ज्यादा रौनक देखने को मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में लोग हिमाचल का रुख कर रहे हैं। शिमला, मनाली, कुफरी, कसौली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर होटल लगभग भरने लगे हैं।

शिमला में शनिवार सुबह से ही पर्यटकों का जमावड़ा देखने को मिला। शहर के माल रोड, रिज मैदान, लक्कड़ बाजार और कुफरी में दिनभर काफी चहल-पहल रही।

शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस वीकेंड पर शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 85 फीसदी तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों के लिए भी एडवांस बुकिंग लगातार मिल रही है। उनका कहना है कि मौसम सुहावना होने और मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने से पर्यटक बड़ी संख्या में शिमला पहुंच रहे हैं।

शिमला और मनाली में शुक्रवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम और भी खुशनुमा हो गया है। दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जिससे सैलानियों को गर्मी से राहत मिल रही है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शिमला पुलिस के मुताबिक कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर शिमला के प्रवेश द्वार शोघी बैरियर से शहर में आने वाले वाहनों की संख्या में इस वीकेंड काफी बढ़ोतरी हुई है। हाईवे पर शहर के आसपास कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। शहर के अधिकतर पार्किंग स्थल दोपहर तक भर गए।

ट्रैफिक एडवाइजरी

भीड़ को देखते हुए शिमला पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए यात्रा परामर्श भी जारी किया है। पुलिस ने खासकर जाखू मंदिर जाने वाले लोगों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

चंडीगढ़ की ओर से आने वाले पर्यटक ध्यान दें

चंडीगढ़ की ओर से आने वाले पर्यटकों को टुटीकंडी बाइफरकेशन, आईएसबीटी, खलीनी, टॉलैंड, छोटा शिमला और नवबहार होकर जाखू जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से रोपवे, एचआरटीसी टैक्सी और पैदल मार्ग का अधिक इस्तेमाल करने को भी कहा है जिससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।

रोहतांग दर्रे की ओर जाने वाले मार्ग लंबी कतारें

उधर, मनाली में भी पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंच रही है। मनाली से रोहतांग दर्रे और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिनमें सड़क पर गाड़ियों की लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं। मनाली के होटलों और गेस्ट हाउसों में भी पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

पैक होकर चल रहीं टॉय ट्रेनें

पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर रेल और बस सेवाओं पर भी दिख रहा है। कालका से शिमला आने वाली टॉय ट्रेनें इन दिनों पूरी तरह पैक होकर चल रही हैं और अगले करीब एक हफ्ते तक इनमें वेटिंग चल रही है। इसी तरह दिल्ली से शिमला आने वाली एचआरटीसी की वॉल्वो लग्जरी बसों में भी सीटें फुल चल रही हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में भीषण उमस और गर्मी का टॉर्चर, IMD ने 28 मई तक जारी किया अलर्ट

28 मई से दस्तक देगा नया पश्चिमी विक्षोभ

मौजूदा वक्त में जम्मू और उसके आस-पास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में एक्टिव है। एक ट्रफ लाइन भी पंजाब से लेकर दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तक फैली नजर आ रही है। इतना ही नहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28 मई से उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग की मानें तो 23 और 24 मई को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भीषण गर्मी के बीच अचानक बदला उत्तराखंड का मौसम, बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की भी संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सावधान! हिमाचल में फिर पलटेगा मौसम, इस तारीख से लू के थपेड़े छुड़ाएंगे पसीना

इन जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट

26 और 27 मई को हिमाचल प्रदेश के 26 मई को उना, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन जिलों में कुछ जगहों पर लू चलने की परिस्थिति रह सकती है। वहीं 27 मई को उना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ जगहों पर लू चलने की संभावना है। उपरोक्त सभी जिलों में दोनों ही दिन लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों ही दिन सूबे के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में बढ़ाेतरी देखी जा सकती है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।