IMD forecasts rain, thunderstorms for hill districts in Uttarakhand भीषण गर्मी के बीच अचानक बदला उत्तराखंड का मौसम, IMD ने दिया बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट; जानें अगले तीन दिन का हाल, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

भीषण गर्मी के बीच अचानक बदला उत्तराखंड का मौसम, IMD ने दिया बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट; जानें अगले तीन दिन का हाल

देहरादून में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है, साथ ही कुछ इलाकों में गरज वाले बादल बनने की भी संभावना है। इस दौरान शनिवार को देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

Fri, 22 May 2026 11:11 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून, उत्तराखंड
share
भीषण गर्मी के बीच अचानक बदला उत्तराखंड का मौसम, IMD ने दिया बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट; जानें अगले तीन दिन का हाल

उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। इस दौरान भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को प्रदेश के कई पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान आने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने खासकर पहाड़ी इलाकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है, जिसमें उसने बताया है कि इन इलाकों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

इस बारे में जानकारी देते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या आंधी-तूफान आने की संभावना है। बाकी पहाड़ी जिलों के कुछ अलग-अलग स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की उम्मीद है। हालांकि IMD ने मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का भी अनुमान लगाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केदारनाथ जाने वाले रूट पर पहाड़ी से गिरा बोल्डर, नीचे दब गए लोग; खौफनाक VIDEO

विभाग की मानें तो मौसम में होने वाले इस बदलाव की वजह से उत्तराखंड में अगले 1-2 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, वहीं अगले 2 से 3 दिनों में इसमें 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी हो सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड से भी चलेगी गाय को राष्ट्रीय ऐनिमल का दर्जा दिलाने की मुहिम

मैदानी इलाकों में सामान्य से ऊपर रहा अधिकतम तापमान

बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर या काफी ऊपर रहा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर या काफी ऊपर दर्ज किया गया। शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस हरिद्वार के रुड़की में दर्ज किया गया, और सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस नैनीताल के मुक्तेश्वर में दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:देहरादून में आग उगलती गर्मी, 41 डिग्री पारे और लू के थपेड़ों से अघोषित कर्फ्यू

अगले तीन दिन के लिए प्रदेश के मौसम का पूर्वानुमान

23 मई (शनिवार) को प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश होने व गरज-चमक के साथ बारिश या बर्फबारी होनेकी संभावना है। इस दौरान उक्त जिलों के 4000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के शेष पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। हालांकि राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

24 मई (रविवार) को प्रदेश के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा व गर्जन होने की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

25 मई (सोमवार) को उत्तराखंड राज्य के देहरादून , टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश व गर्जन होने की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

कैसा रहेगा राजधानी का मौसम

देहरादून में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है, साथ ही कुछ इलाकों में गरज वाले बादल बनने की भी संभावना है। इस दौरान शनिवार को देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पंतनगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।