हिमाचल के 3 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, 16 मई तक के मौसम का हाल
Himachal Pradesh Mausam: मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 12 से 16 मई तक बारिश और तेज आंधी की संभावना है। कुछ जिलों में ओले गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मौसम विभाग ने 12 मई को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। दो दिन यानी 12 और 13 मई को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
12 और 13 मई को इन तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 और 13 मई को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 13 मई को चंबा और कांगड़ा में आंधी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
14 और 15 मई को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 और 15 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 16 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 17 और 18 मई को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश
शिमला में मंगलवार को मौसम मिला-जुला बना रहा। दिनभर कभी धूप खिली तो कभी बादलों की आवाजाही रही। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं भी दर्ज की गईं।
इन जगहों पर बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान सलूणी में 15 मिमी, भरमौर में 12 मिमी, पालमपुर और गोंदला में 10-10 मिमी तथा छतराड़ी और धौलाकुआं में 7-7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। कांगड़ा, जोत और भुंतर में बिजली चमकने की घटनाएं सामने आईं, जबकि सियोबाग क्षेत्र में तेज आंधी चली। मौसम के इस मिजाज से राज्य के निचले इलाकों में गर्मी से राहत मिल रही है, तो पहाड़ी इलाकों में ठंड का अहसास हो रहा है।
कहां कितना तापमान?
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो केलांग में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री, कुकुमसेरी 4.3, ताबो 5.5, भरमौर 6.0, कल्पा 7.6, सराहन 11.8, मनाली 12.2, कुफरी-फागू 12.2, डलहौजी 12.7, धर्मशाला 13.4, सोलन 15.0, भुंतर 15.2, शिमला 15.5, नाहन 15.7, पालमपुर 16.0, सुंदरनगर 17.4, जुब्बड़हट्टी 17.5, चंबा 17.6, बरठीं 18.7, कांगड़ा और मंडी 19.2-19.2, बिलासपुर 20.0, ऊना 20.5, देहरा गोपीपुर 21.0 और पांवटा साहिब में सबसे अधिक 24.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
फसलों को नुकसान
इस बीच हिमाचल प्रदेश में लगातार बदलते मौसम का असर खेती और बागवानी पर भी पड़ रहा है। बेमौसम बारिश और ओले गिरने से किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से सेब और अन्य गुठलीदार फलों को नुकसान पहुंचा है। कई क्षेत्रों में फल झड़ने और फसलों के खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
रिपोर्ट- यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन