शिमला से फिर उड़ान भरेंगे विमान, दिल्ली से फ्लाइटों की आवाजाही का पूरा शेड्यूल
शिमला में 7 महीने बाद 10 मई से हवाई सेवाएं फिर शुरू हो रही हैं। एलायंस एयर दिल्ली और धर्मशाला के लिए उड़ानें संचालित करेगी जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि इस बार किरायों में भारी बढ़ोतरी हुई है।

शिमला एक बार फिर आसमान के रास्ते देश के बड़े शहरों से जुड़ने जा रही है। सात महीने से बंद पड़ी हवाई सेवाएं अब कल यानी 10 मई से दोबारा शुरू हो रही हैं। समर सीजन के बीच शुरू हो रही इन उड़ानों से पर्यटकों का शिमला आना-जाना आसान होगा और पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। राजधानी शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से दिल्ली और धर्मशाला के लिए नियमित विमान सेवा बहाल की जा रही है।
वेबसाइट पर अपडेट किया गया हर दिन का शेड्यूल
एलायंस एयर दिल्ली-शिमला रूट पर मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन उड़ानें संचालित करेगी। वहीं शिमला और धर्मशाला के बीच मंगलवार एवं रविवार को छोड़कर हफ्ते में 5 दिन विमान सेवा उपलब्ध रहेगी। एयरलाइन ने एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। यही नहीं एयरलाइन की ओर से हर दिन का शेड्यूल भी अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है।
दिल्ली की फ्लाइटों के लिए शेड्यूल
रविवार के शेड्यूल के अनुसार नई दिल्ली से विमान सुबह 6:20 बजे उड़ान भरेगा और 7:35 बजे शिमला पहुंचेगा। इसके बाद फ्लाइट सुबह 8:00 बजे शिमला से रवाना होकर 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। सोमवार को दिल्ली से विमान सुबह 7:20 बजे रवाना होगा और 8:35 बजे शिमला पहुंचेगा। वापसी में विमान सुबह 11:30 बजे शिमला से उड़ान भरकर दोपहर 12:40 बजे दिल्ली पहुंचेगा। दिल्ली से शिमला की यात्रा करीब एक घंटा 15 मिनट में पूरी होगी, जबकि शिमला से दिल्ली पहुंचने में लगभग एक घंटा 10 मिनट का समय लगेगा।
11 मई से शिमला और धर्मशाला के बीच भी उड़ानें
इसी तरह 11 मई से शिमला और धर्मशाला के बीच भी उड़ानें शुरू होंगी। शिमला से फ्लाइट सुबह 9:00 बजे रवाना होकर 9:50 बजे धर्मशाला पहुंचेगी, जबकि धर्मशाला से विमान सुबह 10:15 बजे उड़ान भरकर 11:05 बजे शिमला पहुंचेगा। यानी दोनों शहरों के बीच सफर अब महज 50 मिनट में पूरा हो सकेगा। हालांकि, इस बार यात्रियों को पहले के मुकाबले कहीं अधिक किराया चुकाना पड़ेगा।
दिल्ली-शिमला रूट पर कितना किराया?
दिल्ली-शिमला रूट पर पहले जहां रियायती किराया करीब 4,500 रुपये था, अब यह बढ़कर 7,441 रुपये तक पहुंच गया है। यानी किराये में करीब 65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
शिमला-धर्मशाला रूट पर कितना किराया?
वहीं शिमला-धर्मशाला रूट पर किराया लगभग 2,100 रुपये से बढ़कर 4,125 रुपये हो गया है, जो करीब 96 फीसदी अधिक है। कुछ सीटों के लिए किराया इससे भी ज्यादा रखा गया है। शिमला से दिल्ली के लिए कुछ सीटों का किराया 18,298 रुपये और 27,118 रुपये तक है, जबकि शिमला-धर्मशाला रूट पर कुछ सीटों का किराया 13,098 रुपये और 18,348 रुपये तक पहुंच रहा है।
पिछले साल 2 नवंबर से बंद थीं उड़ानें
शिमला की हवाई सेवाएं पिछले साल 2 नवंबर 2025 से बंद थीं। दरअसल, 25 सितंबर 2025 को एलायंस एयर और हिमाचल प्रदेश सरकार के बीच विमान सेवा संचालन को लेकर हुआ करार समाप्त हो गया था। इसके बाद उड़ानें रोक दी गई थीं।
कारोबारियों, पर्यटन उद्योग और यात्रियों को बड़ी राहत
अब लंबे इंतजार के बाद सेवाएं दोबारा शुरू होने से होटल कारोबारियों, पर्यटन उद्योग और यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मियों के मौसम में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचते हैं और ऐसे समय में हवाई सेवाओं की बहाली को पर्यटन क्षेत्र के लिए अहम माना जा रहा है।
सीमित यात्रियों के साथ ही उड़ान
इन रूटों पर एलायंस एयर का एटीआर-42 (600) विमान उड़ान भरेगा। यह विमान तकनीकी रूप से 48 सीटों वाला है लेकिन जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट की भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई और छोटे रनवे के कारण सीमित यात्रियों के साथ ही उड़ान भर पाएगा।
सीमित रहेगी यात्रियों की संख्या
दिल्ली से शिमला आने वाली उड़ान लगभग पूरी क्षमता के साथ 47 यात्रियों को ला सकेगी, लेकिन शिमला से दिल्ली उड़ान भरते समय पेलोड प्रतिबंध के कारण विमान केवल 24 से 28 यात्रियों को ही लेकर उड़ान भर पाएगा। शिमला-धर्मशाला रूट पर भी मौसम और रनवे की स्थिति के अनुसार यात्रियों की संख्या सीमित रखी जाएगी।
सभी तैयारियां पूरी
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि डीजीसीए की ओर से 10 से 20 मई तक का स्वीकृत शेड्यूल प्राप्त हो चुका है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि पहली फ्लाइट के शिमला पहुंचने पर विमान का वाटर कैनन से स्वागत किया जाएगा और यात्रियों का भी विशेष स्वागत होगा।
रिपोर्ट- यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन