हिमाचल में दिखेगा मौसम का उलटफेर; 5 दिन बारिश, इन जिलों में चलेंगी गर्म हवाएं
हिमाचल में मौसम बदलने वाला है। 12 मार्च तक हिमाचल प्रदेश में काफी उतार-चढ़ाव रहेगा। कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है तो कहीं मौसम गर्म बना रहेगा। विभाग ने इसके लिए अलर्ट जारी किया है।

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 12 मार्च तक मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। कुल 5 दिन हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से गर्मी का प्रभाव भी महसूस किया जाएगा। मौसम विभाग ने इस बदलाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। संक्षेप में कहें तो आने वाले दो दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में कहीं बारिश तो कहीं गर्म हवाओं का प्रभाव देखा जाएगा।
बदलेगा मौसम, 3 दिन बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में गरज चमक के साथ दो दिन छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर गर्म मौसम भी देखा जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, 7, 9 और 10 मार्च को हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
11 और 12 मार्च को चोटियों पर बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। यही नहीं 11 और 12 मार्च को भी ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।
बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद ऊंचे पहाड़ों को छोड़कर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
इन जिलों में चलेंगे गर्म हवाएं
मौसम विभाग ने इस हफ्ते के दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं भी चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 और 7 मार्च को कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में दिन खासकर दोपहर के वक्त गर्म हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसको लेकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में भी मौसम बदलेगा
मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में यह उलटफेर केवल हिमाचल प्रदेश में ही नहीं देखी जाएगी। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम में बदलाव देखा जाएगा। 6 से 12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी चोटियों पर छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बताई गई है। उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जाएगा। दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों में मौसम के साफ रहने का अनुमान है।

लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन