हिमाचल के इस जिले में 3000 मीटर के ऊपर ट्रेकिंग बैन, क्या है वजह?
हिमाचल प्रदेश में ट्रेकिंग को लेकर एक जिले में सख्ती कर दी गई है। इस जिले में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले सभी रास्तों पर ट्रेकिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। क्या है वजह?

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला प्रशासन ने 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले सभी ट्रेकिंग रास्तों पर पूरी तरह रोक लगा दी है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा जैसे प्रसिद्ध मार्गों पर जाने के लिए अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पहले अनुमति लेनी होगी। यदि मौसम विभाग कोई चेतावनी या अलर्ट जारी करता है तो सभी अनुमतियां अपने आप रद्द मानी जाएंगी।
3000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई पर ट्रैकिंग बैन
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि कांगड़ा जिला प्रशासन ने 3000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाली सभी ट्रेकिंग गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर ऐसे आदेश दिए जाते हैं।
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला
अधिकारी ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ट्रेकिंग पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
इन रास्तों पर प्रतिबंध
कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि ट्रेकिंग को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। अब करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा जैसे प्रसिद्ध मार्गों पर ट्रेकिंग के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पहले अनुमति लेना जरूरी होगा।
मौसम विभाग के अलर्ट पर परमिशन होंगी रद्द
इतना ही नहीं मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम के बारे में कोई चेतावनी या अलर्ट जारी किया जाता है तो इन रास्तों के लिए पहले से दी गई सभी अनुमतियां अपने आप रद्द मानी जाएंगी।
बचाव टीमों को प्रतिबंध से छूट
उन्होंने यह भी साफ किया कि आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां जैसे कि एनडीआरएफ, SDRF, मैक्लोडगंज पर्वतारोहण केंद्र और पुलिस की खोज एवं बचाव टीमों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे कांगड़ा के सभी होटल मालिकों और पर्यटन व्यवसायियों को इस फैसले की जानकारी दें ताकि वे वहां ठहरने वाले पर्यटकों को ट्रेकिंग पर लगी रोक के बारे में समय पर बता सकें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन