himachal pradesh mausam snowfall rain alert fog will also cause problems in some districts हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, इन जिलों में कोहरा करेगा परेशान, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, इन जिलों में कोहरा करेगा परेशान

हिमाचल प्रदेश में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासतौर पर हिल स्टेशन व राजधानी शिमला में सर्दी तीखी हो गई है। पूरे दिसम्बर महीने में मैदानी इलाकों से गर्म रहने वाले शिमला में अब सर्दी लोगों को परेशान कर रही है।

Mon, 5 Jan 2026 04:37 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, इन जिलों में कोहरा करेगा परेशान

हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शिमला में रविवार की रात सीजन की सबसे सर्द रात रही जहां तापमान गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 0.5 डिग्री कम है। ताबो और कुकुमसेरी जैसे स्थानों पर पारा शून्य से काफी नीचे चला गया है जिससे सूखी ठंड और बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। 6 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश/बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में 6 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। बीती रात लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। कोकसर में करीब 2 सेंटीमीटर ताजा बर्फ गिरी जबकि कल्पा और गोंदला क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई।

इन जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 9 जनवरी तक कई जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में 7 जनवरी तक देर रात, तड़के और सुबह के समय घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों के अलग-अलग हिस्सों में 9 जनवरी तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शिमला को बर्फबारी का इंतजार

बीते 24 घंटों में शिमला के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और खास बात यह रही कि शिमला और मनाली दोनों जगह न्यूनतम तापमान समान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे पहाड़ी राजधानी की रातें मनाली जैसी सर्द हो गई हैं। हालांकि कड़ाके की ठंड के बावजूद शिमला अब भी सीजन की पहली बर्फबारी का इंतजार कर रही है। शिमला में बीते करीब दो महीने से न तो अच्छी बारिश हुई है और न ही बर्फबारी। सूखी ठंड लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है।

शिमला में नहीं पड़ेगी बर्फ

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल शिमला और आसपास के इलाकों में अगले एक हफ्ते तक बर्फबारी की संभावना नहीं है और 11 जनवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। इस बीच किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 6.7 डिग्री, नारकंडा में माइनस 1.5 डिग्री, ताबो में माइनस 10.2 डिग्री और सोलन में माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालमपुर में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री रहा और कुफरी में 0.4 डिग्री दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:19 साल की छात्रा की मौत के मामले में प्रोफेसर को राहत, कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत
ये भी पढ़ें:हिमाचल में पाक की ISI ने कराया ब्लास्ट? पंजाब पुलिस को क्यों हो रहा शक, बड़ी वजह

गिरेगा तापमान, बढ़ेगी ठंड

सुंदरनगर में 3.3, भुंतर में 2.1, धर्मशाला में 3.4, मनाली में 2.6, मंडी में 4.5, बिलासपुर में 6.0, हमीरपुर में 8.6 और कांगड़ा में 6.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नाहन में 6.2 और पांवटा साहिब में 9.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।