himachal mausam ki jankari imd orange alert for hailstorms and rain हिमाचल में दो दिन मौसम रहेगा कूल-कूल; इन जिलों में गिरेंगे ओले, ऑरेंज अलर्ट, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल में दो दिन मौसम रहेगा कूल-कूल; इन जिलों में गिरेंगे ओले, ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में जून की शुरुआत से भीषण गर्मी पड़ रही है और ऊना सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन लू का अलर्ट जारी किया है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राहत की संभावना है। कब से बदलेगा मौसम?

Mon, 8 June 2026 07:28 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
हिमाचल में दो दिन मौसम रहेगा कूल-कूल; इन जिलों में गिरेंगे ओले, ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में जून में गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। सोमवार को पूरे प्रदेश में तेज धूप रही और मैदानी व निचले इलाकों में कई स्थानों पर भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा और धूप से बचने के लिए लोग छातों तथा अन्य उपायों का सहारा लेते नजर आए। पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

शिमला से ज्यादा गर्म मनाली

ऊना, पांवटा साहिब और बद्दी जैसे मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं का असर साफ महसूस किया गया, जबकि पहाड़ी पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में भी गर्मी ने लोगों को चौंकाया है। शिमला से ज्यादा गर्मी मनाली में महसूस हुई।

कल और परसों राहत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन यानी 9 और 10 जून को तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग ने ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

11 जून से बदलेगा मौसम

हालांकि यह गर्मी ज्यादा दिन नहीं टिकने वाली। मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में मौसम करवट लेगा। 11 और 12 जून को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में आंधी, वर्षा, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

11 जून को इन जिलों में गिरेंगे ओले, ऑरेंज अलर्ट

11 जून को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में अंधड़ के साथ बारिश और ओले गिरने का का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं सोलन, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पश्चिमी विक्षोभ लाने वाला है झमाझम बारिश, UP से राजस्थान तक मिलेगी गर्मी से राहत

12 जून को इन जिलों में गिरेंगे ओले, ऑरेंज अलर्ट

12 जून को कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़ के साथ बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ सबसे ज्यादा प्रभावी रहेगा। इसके बाद 13 और 14 जून को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली को पश्चिमी विक्षोभ देगा राहत; दो दिन बारिश का अलर्ट, पूरे हफ्ते का अपडेट

मनाली में शिमला से ज्यादा तापमान

अधिकतम तापमान की बात करें तो सोमवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बाद हमीरपुर के नेरी में 38.4 डिग्री, कांगड़ा में 37.7 डिग्री, सुंदरनगर में 37.5 डिग्री, मंडी में 37.2 डिग्री, बरठीं में 37 डिग्री, नाहन में 35.8 डिग्री, धर्मशाला में 35 डिग्री, भुंतर में 34.8 डिग्री, चंबा में 34.3 डिग्री और सोलन में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिलचस्प बात यह रही कि मनाली का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है, जबकि शिमला में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा रहा। यानी मनाली का दिन का तापमान शिमला से भी अधिक रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में फिर आंधी-बारिश, IMD का अलर्ट; कहां पहुंचा मॉनसून, कहां-कहां बारिश

कहां कितना तापमान?

न्यूनतम तापमान में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पांवटा साहिब में सबसे अधिक 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद देहरा गोपीपुर 24 डिग्री, नेरी 24.1 डिग्री, बिलासपुर 22 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 21 डिग्री, ऊना और पालमपुर 20-20 डिग्री, कांगड़ा 19.8 डिग्री, मंडी 19.6 डिग्री, सुंदरनगर 18.6 डिग्री, नाहन 18.5 डिग्री, शिमला 18 डिग्री, धर्मशाला 17.7 डिग्री, बरठीं 17.4 डिग्री, सोलन 17 डिग्री, चंबा 15.6 डिग्री, सराहन 15.5 डिग्री, भुंतर 14.5 डिग्री, कुफरी 13 डिग्री, सिओबाग 12.8 डिग्री, मनाली 9.2 डिग्री, कल्पा 8.8 डिग्री, ताबो 6.4 डिग्री तथा केलांग और कुकुमसेरी में 5.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।