पश्चिमी विक्षोभ लाने वाला है झमाझम बारिश, UP से राजस्थान तक मिलेगी राहत; कहां पहुंचा मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इस वजह से झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं आईएमडी ने दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर दी है। IMD के मुताबिक 8 जून से देश के बड़े हिस्से में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव का असर बना रहेगा। 11 जून को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इससे उत्तर भारत का मौसम करवट लेगा और गर्मी से राहत मिलेगी।
दक्षिण भारत में बरस रहे बादल
कर्नाटक में दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण बारिश तेज होने के साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को तटीय जिलों दक्षिण कन्नड़ और उडुपी में सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया। आईएमडी के यहां स्थित केंद्र के अनुसार, मंगलवार को पांच जिलों (दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर कन्नड़, चिक्कमगलुरु और शिवमोग्गा) के लिए रेड अलर्ट लागू रहेगा।
कर्नाटक में बारिश का रेड अलर्ट
आईएमडी ने बताया कि बुधवार के लिए सात जिलों (उडुपी, उत्तर कन्नड़, चिक्कमगलुरु, शिवमोग्गा, बेलगावी, धारवाड़ और हावेरी) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने एक बयान में कहा कि संबंधित जिलों के लिए चेतावनी विशेष दिनों में सुबह 8:30 बजे से 24 घंटे तक लागू रहेगी। रेड अलर्ट का मतलब 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक की भारी बारिश से है।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी दिल्ली का मौसम आमतौर पर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की उम्मीद जताई है। शाम 5.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 31 प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि 10 तारीख की शाम को मौसम करवट ले सकता है और धूलभरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में झामाझम बारिश
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, मेघायलय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। मॉनसून इन सारे राज्यों को कवर कर चुकाहै। कुछ जगहों पर भारी बारिश से भूस्खलन और बाढ़ का भी खतरा बना हुआ है।
बिहार और झारखंड में भी मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने झारखंड, ओडिशा और बिहार मे भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश हो सकीत है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी मॉनसूनी गतिविधियां तेज होंगी और बारिश होगी।
यूपी में कब होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में मौसम के दोनों रंग नजर आ रहे हैं। पश्चिमी यूपी को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने का अनुमान नहीं है। 9 और 10 जून को भी लू का दौर जारी रहेगा। वहीं 10 जून के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। पश्चिमी विक्षोभ का भी असर दिखाई देगा। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो 8 जून को उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का अनुमान है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन