हिमाचल में एक और बड़ा सड़क हादसा, सिरमौर में खाई में गिरी कार, मां-बेटी सहित चार की मौत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक कार खाई में गिरने से मां-बेटी समेत 4 लोगों की मौत हो गई।

हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के बीच सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पहले कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में तेज आंधी के दौरान एक पेड़ चलती बोलेरो पर गिर गया था, जिससे वाहन गहरी खाई में जा गिरा और उसमें सवार चार महिला शिक्षिकाओं की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। इसके बाद कांगड़ा जिला के नूरपुर में एक निजी बस के पलटने से 26 यात्री घायल हुए थे। अब ताजा मामला सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल से सामने आया है, जहां एक और दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी सहित चार लोगों की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को पियूलाणी-भलोना मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में भलोना स्कूल की शिक्षिका, उनकी बेटी और एक अन्य युवती समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमरा देवी का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। अमरा देवी अपने बच्चों के साथ स्कूल ड्यूटी के लिए जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
मृतकों की हुई पहचान
राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि मृतकों की पहचान अमरा देवी (52 वर्ष), पत्नी देव राज निवासी गत्ताधार, उनकी पुत्री आराध्या (14 वर्ष), प्रियंका (14 वर्ष) पुत्री दीप राम निवासी ऊंचा टिक्कर और सज्जन सिंह (62 वर्ष), पुत्र थापलू राम निवासी काजवा, तहसील संगड़ाह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सुनील कायथ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि पियूलाणी-भलोना और संगड़ाह-गत्ताधार सहित उपमंडल के कई संपर्क मार्गों की हालत बेहद खराब है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे और धंसे हुए हिस्से हादसों को न्योता दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार मांग के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं की जा रही।
सीएम ने जताया शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से दुर्घटना की रिपोर्ट जल्द देने के निर्देश दिए हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
बता दें कि इन दिनों हिमाचल प्रदेश में मौसम कहर बनकर टूट रहा है। मई के महीने में भी लगातार बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 6 मई तक प्रदेश में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन