2 एयरपोर्ट और 9 हेलीपैड की पहचान, UDAN योजना के तहत हिमाचल को बड़ी सौगात
सरकार ने UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत राज्य में दो एयरपोर्ट और नौ हेलीपैड की पहचान की है, जहां से क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत राज्य में दो एयरपोर्ट और नौ हेलीपैड की पहचान की है, जहां से क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने सोमवार को राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान दी।
टियर 2 और टियर 3 शहरों का जुड़ाव
नायडू ने कहा कि UDAN योजना ने भारत में आम नागरिक के हवाई सफर के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किया है। इसके जरिए देश के दूरदराज और कम कनेक्टिविटी वाले इलाकों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा गया है। खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में यह योजना बेहद प्रभावी साबित हुई है।
1.59 करोड़ यात्री कर चुके सफर
मंत्री ने बताया कि UDAN योजना के तहत अब तक देशभर में 657 रूट्स को ऑपरेशनल किया गया है, जिन पर 1.59 करोड़ से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में इस योजना का विशेष लाभ मिला है, क्योंकि यहां पहाड़ी इलाका है। इसके चलते हवाई संपर्क एक बड़ी चुनौती रहा है।
हर एक हेलीपैड पर औसतन 13 करोड़ खर्च
उन्होंने बताया कि हिमाचल में अब तक 38 रूट्स को चालू किया गया है, जो शिमला और कुल्लू एयरपोर्ट के अलावा रामपुर, मंडी, रिकांग पियो और संजौली जैसे हेलीपोर्ट्स को जोड़ते हैं। इसके अलावा नौ स्थानों पर हेलीपैड विकसित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार प्रत्येक हेलीपैड पर औसतन करीब 13 करोड़ रुपये का बजटीय समर्थन दे रही है।
नायडू ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में एयरपोर्ट बनाना कठिन जरूर है, लेकिन हवाई यात्रा से समय की बड़ी बचत होती है। इसी कारण यहां हवाई कनेक्टिविटी की मांग लगातार बनी रहती है। यही वजह है कि UDAN योजना के तहत अब सिर्फ एयरपोर्ट ही नहीं, बल्कि हेलीपैड और हेलीपोर्ट भी विकसित किए जा रहे हैं।
10 सालों में 120 नई जगह हवाई नेटवर्क
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में पेश बजट में UDAN योजना को आगे बढ़ाने की घोषणा की गई है। संशोधित UDAN योजना के तहत अगले 10 वर्षों में देशभर में 120 नई जगहों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे करीब 4 करोड़ यात्रियों को लाभ मिलेगा। इसमें हिमालयी राज्यों और पूर्वोत्तर क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हालांकि, शिमला-दिल्ली और शिमला-अमृतसर रूट पर Alliance Air की उड़ानें Viability Gap Funding (VGF) की तीन साल की अवधि पूरी होने और विमानों की कमी के कारण बंद कर दी गई हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई एयरलाइन शिमला से जुड़े RCS रूट्स के लिए वैध बोली लगाती है, तो उसे UDAN योजना के प्रावधानों के तहत विचार किया जाएगा।
कुल मिलाकर, UDAN योजना हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए न केवल कनेक्टिविटी बढ़ाने का माध्यम बन रही है, बल्कि पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास को भी नई गति देने की उम्मीद जगा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन