सौंफ के बीजों पर सीमेंट-केमिकल मिलाकर बनाया नकली जीरा, MP में 46 बोरी माल जब्त
सौंफ के बीजों पर सीमेंट और केमिकल लगाकर जीरा जैसा बनाया गया था। फिर इस नकली और जानलेवा जीरा को बाजार में बेंचा जाना था। हालांकि गनीमत रही कि मार्केट में पहुंचने से पहले ही पुलिस ने इस नकली माल को जब्त कर लिया।

कहीं आपकी थाली में जो खाना है, उसमें नकली जीरा तो नहीं। जी हां, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 46 बोरी नकली जीरा जब्त किया गया है। यहां सौंफ के बीजों पर सीमेंट और केमिकल लगाकर जीरा जैसा बनाया गया था। फिर इस नकली और जानलेवा जीरा को बाजार में बेंचा जाना था। हालांकि गनीमत रही कि मार्केट में पहुंचने से पहले ही पुलिस ने इस नकली माल को जब्त कर लिया। मामला ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज का है।
गुजरात के व्यापारी ने दर्ज कराई शिकायत
जांच में सामने आया कि नकली जीरा ब्रांडेड पैकेट में भरकर बेचा जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही कॉपीराइट एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। गुजरात के मेहसाना जिले के ऊंझा निवासी विमल कुमार पटेल शिव पुजारी नाम से जीरे का कारोबार करते हैं।
उन्हें शिकायतें मिल रही थीं कि उनके ब्रांड के नाम से घटिया जीरा बाजार में बिक रहा है। जांच करने पर पता चला कि ग्वालियर निवासी हितेश सिंघल उर्फ चपक यह काम कर रहा था और इसमें झांसी का व्यापारी टीटू अग्रवाल भी शामिल था।
46 बोरी नकली जीरा जब्त
जानकारी मिलने पर विमल कुमार ग्वालियर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि 46 बोरी नकली जीरा मां शीतला कोल्ड स्टोरेज में रखा गया है। बोरियों की जांच करने पर सभी में नकली जीरा पाया गया। जब विमल कुमार ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर से बात की तो उसने उन्हें धमकी दी। इसके बाद विमल कुमार ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सीमेंट और केमिकल लगाकर बनाते थे
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकली जीरे की सभी 46 बोरियां जब्त कर लीं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी सौंफ के बीजों पर सीमेंट और केमिकल का लेप लगाकर नकली जीरा तैयार करते थे और उसे असली जीरे के दाम पर बेचते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- अमित कुमार




साइन इन