घरेलू विवाद में पत्नी ने खुद को लगाई आग, पति बनाता रहा वीडियो; महिला की मौत के बाद शख्स ने बताई वजह
बिहार के रहने वाले इस जोड़े के बीच बच्चों से जुड़ी छोटी सी बात पर झगड़ा शुरू हुआ था, और जिसका अंत महिला की मौत के रूप में हुआ। पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान, पति ने अपनी पत्नी से वहां रखे तेल का इस्तेमाल करके खुद को जलाने के लिए कहा था।

गुजरात की सूरत पुलिस ने आत्मदाह करने वाली अपनी पत्नी को बचाने की बजाय इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने वाले उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना 4 जनवरी को हुई थी, जिसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां 11 जनवरी की महिला की मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर उसके भाई ने शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद जब पुलिस ने आरोपी पति के मोबाइल की जांच की तो उसमें महिला का खुद को आग लगाते और फिर जलते हुए वीडियो मिला। तब जाकर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
गैरेज में काम करता है पति, घर में रखा था डीजल
इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान 31 वर्षीय प्रतिमा देवी के रूप में हुई है, जिसने पति के साथ हुए घरेलू झगड़े के बाद घर पर रखे डीजल को खुद पर छिड़ककर आग लगा ली थी। इस घटना को लेकर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ सबूत मिलने के बाद उस पर केस दर्ज कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय पति रणजीत साहा के रूप में हुई है, जो कि एक गैरेज में काम करता है। पुलिस ने रणजीत को क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
11 जनवरी को पुलिस ने रिकॉर्ड किया था महिला का बयान
इस बारे में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर एसी गोहिल ने पीटीआई को बताया कि महिला ने 4 जनवरी को खुद को आग लगा ली थी। जिसके बाद 11 जनवरी को मौत से पहले दिए उसके बयान के आधार पर इच्छापोर पुलिस ने 14 जनवरी को इस घटना को लेकर रणजीत साहा के खिलाफ बीएनएस की धारा 85 (पति/रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) और 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि तब तक पुलिस के पास सबूत नहीं था।
पति का मोबाइल देखा तो उसमें मिली महिला के जलने की क्लिप
गोहिल ने बताया कि महिला के भाई को अपनी बहन के जलने के मामले में उसके पति की भूमिका पर पहले से शक था, जिसके बाद उसने पुलिस को इस बारे में अलर्ट किया। इंस्पेक्टर ने कहा, 'जांच शुरू करने के बाद, हमें उसके मोबाइल फोन में एक क्लिप मिली जिसमें वह अपनी पत्नी को बचाने के बजाय उसके आत्मदाह का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था।'
पति ने ही आत्मदाह के लिए उकसाया था
पुलिस ने बताया कि बिहार के रहने वाले इस जोड़े के बीच बच्चों से जुड़ी एक छोटी सी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था, और जिसका अंत महिला की मौत के रूप में हुआ। पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान, साहा ने कथित तौर पर अपनी पत्नी से कुछ तेल इस्तेमाल करके खुद को जलाने के लिए कहा। इसके बाद पत्नी ने घर में रखा डीजल खुद पर डाल लिया और खुद को आग लगा ली।
पति ने पूछताछ में बताई वीडियो बनाने की वजह
आरोपी पति ने पुलिस पूछताछ में वीडियो रिकॉर्ड करने की वजह बताते हुए कहा कि अपनी बेगुनाही साबित करने और पत्नी की मौत का दोष खुद पर न आए, इसके लिए उसने पूरी घटना को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। घर में रखे डीजल की वजह बताते हुए पुलिस ने कहा कि आरोपी शख्स एक गैरेज में काम करता है और वह इस डीजल को फर्श की सफाई के लिए फिनाइल में मिलाने के लिए लेकर आया था।
पुलिस के अनुसार प्रतिमा देवी को 4 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन 11 जनवरी को जलने की वजह से हुए घावों के कारण उसकी मौत हो गई थी। गोहिल ने बताया कि बिहार के रहने वाले साहा और प्रतिमादेवी ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था और फिर इसके बाद साल 2013 में कोर्ट में शादी की थी। तीन साल पहले ये दोनों अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ सूरत में बस गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन