Pakistani fishing boat intercepted by Indian Coast Guard inside Indian waters, nine detained गुजरात में भारतीय समुद्री सीमा में पाकिस्तानी नाव, रुकने को कहा तो भागने लगे; नौ लोग सवार मिले, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

गुजरात में भारतीय समुद्री सीमा में पाकिस्तानी नाव, रुकने को कहा तो भागने लगे; नौ लोग सवार मिले

पाकिस्तानी नाव पर कुल नौ क्रू मेंबर सवार थे। नाव को रोकने के बाद ICG जहाज द्वारा उसे पोरबंदर ले जाया गया ताकि संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा उसकी पूरी तरह से तलाशी ली जा सके और संयुक्त पूछताछ की जा सके।

Fri, 16 Jan 2026 03:09 PMSourabh Jain एएनआई, पोरबंदर, गुजरात
share
गुजरात में भारतीय समुद्री सीमा में पाकिस्तानी नाव, रुकने को कहा तो भागने लगे; नौ लोग सवार मिले

भारतीय तट रक्षक बल (ICG) ने हाल ही में अरब सागर में भारत की समुद्री सीमा में घुस आई अल-मदीना नाम की एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है, यह नाव इंटरनेशनल मैरीटाइम बाउंड्री लाइन (IMBL) के पास भारतीय समुद्री सीमा में घुस आई थी। जिसके बाद मछली पकड़ने वाली इस नाव में सवार नौ लोगों को हिरासत में ले लिया गया और नाव सहित उन्हें पोरबंद ले जाया गया। हालांकि इन लोगों से हुए बरामदगी के बारे में तटरक्षक बल द्वारा किसी तरह की जानकारी नहीं दी गई है।

इस घटनाक्रम की जानकारी देते हुए ICG ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की, जिसमें उसने बताया कि, 14 जनवरी को इलाके में गश्त कर रहे ICG जहाज को 'अल-मदीना' नाम की नाव दिखी। जब उसे रुकने का इशारा किया गया, तो उस पर सवार लोग उसे पाकिस्तान की तरफ लेकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन तट रक्षक बल के सदस्यों ने उसे भारतीय समुद्री सीमा में ही रोक लिया और उस पर चढ़ गए। उस वक्त पाकिस्तानी नाव पर कुल नौ क्रू मेंबर सवार मिले। पोस्ट में आगे बताया गया कि नाव को रोकने के बाद ICG जहाज द्वारा उसे पोरबंदर ले जाया गया ताकि संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा उसकी पूरी तरह से तलाशी ली जा सके और संयुक्त पूछताछ की जा सके।

ICG ने सोशल मीडिया पर दी यह जानकारी

इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की एक पोस्ट में, ICG ने कहा, 'अरब सागर में गश्त कर रहे भारतीय तटरक्षक बल के एक जहाज ने 14 जनवरी 26 की रात को एक तेज और सटीक ऑपरेशन के दौरान इंटरनेशनल मैरीटाइम बाउंड्री लाइन के पास भारतीय समुद्री सीमा के अंदर एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को देखा। रोके जाने पर, नाव पाकिस्तान की ओर भागने की कोशिश करने लगी, हालांकि ICG जहाज ने नाव को भारतीय समुद्री सीमा में ही रोक लिया और उस पर चढ़ गए। इस पाकिस्तानी नाव 'अल-मदीना' में कुल 9 क्रू मेंबर मिले। नाव को संबंधित एजेंसियों द्वारा पूरी तरह से तलाशी और संयुक्त पूछताछ के लिए ICG जहाज द्वारा पोरबंदर ले जाया जा रहा है। यह ऑपरेशन देश के समुद्री क्षेत्र में लगातार निगरानी और कानून प्रवर्तन के माध्यम से भारत की समुद्री सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए ICG की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।'

महीने भर पहले भी पकड़ाई थी पाकिस्तानी नाव

बता दें कि हाल के दिनों में यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में इंडियन कोस्ट गार्ड ने 11 पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ा था, जब उनकी नाव 'अल वली' बिना इजाज़त के जखाऊ के पास भारतीय समुद्री सीमा में पाई गई थी। डिफेंस PRO गुजरात ने कहा था कि मछुआरों को 10 दिसंबर को इंडियन एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन (EEZ) के अंदर रोका गया था और आगे की जांच के लिए उन्हें नाव के साथ जखाऊ पोर्ट लाया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुजरात: फ्लाईओवर से गिरने पर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
ये भी पढ़ें:गुजरात में उत्तरायण के दौरान पतंग हादसे बने जानलेवा, बच्चों समेत 4 की मौत
ये भी पढ़ें:पीएम डिग्री मामला- गुजरात HC से केजरीवाल और संजय सिंह को झटका

यह ताजा घटना ऐसे समय हुई है जब इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग पर ज़्यादा ध्यान दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में इस हफ्ते की शुरुआत में भारत और जापान के बीच नई दिल्ली में इंडियन कोस्ट गार्ड और जापान कोस्ट गार्ड की 22वीं उच्च-स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें दोनों देशों ने समुद्री सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी।

इस चर्चा का विषय समुद्री खोज और बचाव, समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया, समुद्री कानून प्रवर्तन और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में ऑपरेशनल जुड़ाव बढ़ाने पर केंद्रित था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।