सोमनाथ सभ्यतागत साहस का प्रतीक... पीएम मोदी ने किया ओमकार मंत्र जाप- VIDEO
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' में हिस्सा लिया। वह मंदिर में 72 घंटे तक चलने वाले 'ओमकार मंत्र' जाप कार्यक्रम में भी शामिल हुए। पीएम मोदी ने कहा कि सोमनाथ हमारी सभ्यतागत साहस का एक गौरवशाली प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को अपने 3 दिवसीय गुजरात दौरे पर सोमनाथ पहुंचे और 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' में हिस्सा लिया। इस अवसर पर लगभग 3,000 ड्रोनों के जरिए मंदिर के इतिहास को दर्शाने वाला एक भव्य शो आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री ने मंदिर में 72 घंटे तक चलने वाले 'ओमकार मंत्र' जाप कार्यक्रम में भी शिरकत की। पीएम मोदी ने कहा कि सोमनाथ में आकर वह धन्य महसूस कर रहे हैं। यह हमारी सभ्यतागत साहस का एक गौरवशाली प्रतीक है।
ओंकार मंत्र जाप में शामिल हुए
प्रधानमंत्री ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के दौरान देर शाम सोमनाथ मंदिर में ओंकार मंत्र के जाप में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। यह कार्यक्रम मंदिर पर एक हजार साल पहले हुए हमले की याद में आयोजित किया गया है। यह जाप लगातार 72 घंटों तक चलेगा।
ड्रोन शो भी देखा
प्रधानमंत्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए और ड्रोन शो के भी साक्षी बने। मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाने के लिए लगभग 3,000 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
मेरा भोला है भंडारी… पर झूमे लोग
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तीसरे दिन मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। इसमें गायक हंसराज रघुवंशी के शिव भजनों ने भक्तों को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। मेरा भोला है भंडारी और जयकारा बोलो जैसे गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में हो रहे इस पर्व में भारी भीड़ उमड़ी। सुंदर प्रस्तुतियों के कारण यह दिन हजारों शिव भक्तों के लिए हमेशा के लिए यादगार बन गया।

स्वागत के लिए उमड़े लोग
इससे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य प्रमुख लोगों ने गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में सोमनाथ महादेव मंदिर के पास हेलीपैड पर प्रधानमंत्री मोदी का शानदार स्वागत किया। हेलीपैड से मोदी अपने काफिले के साथ मंदिर के पास बने वीवीआईपी सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों ओर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी।
कल भी करेंगे पूजा
प्रधानमंत्री रविवार सुबह करीब 9.45 बजे शौर्य यात्रा में शामिल होंगे। यह जुलूस उन वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए निकाला जा रहा है जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। इस शौर्य यात्रा में वीरता के प्रतीक के रूप में 108 घोड़ों का एक जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी सुबह 10.15 बजे सोमनाथ मंदिर में पूजा करेंगे और फिर 11 बजे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
वाइब्रेंट गुजरात समिट में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री रविवार को राजकोट में दो दिनों तक चलने वाले वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन की शुरुआत भी करेंगे। इस कार्यक्रम का मकसद नए विचार रखने वाले लोगों, कारोबारियों, निवेशकों और स्टार्टअप्स को सरकार के साथ एक मंच पर लाना है। सम्मेलन में 110 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार हिस्सा लेंगे और करीब 1,500 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

अहमदाबाद मेट्रो के सेकेंड फेज का करेंगे श्रीगणेश
प्रधानमंत्री मोदी राजकोट के बाद अहमदाबाद भी जाएंगे। वह शाम करीब 5.15 बजे गांधीनगर के महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे। वह सेक्टर 10ए सचिवालय से महात्मा मंदिर तक चलने वाली अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के बाकी हिस्से का उद्घाटन करेंगे।

सोमवार को जर्मन चांसलर से मुलाकात
प्रधानमंत्री सोमवार की सुबह जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता साबरमती आश्रम जाएंगे जो आजादी की लड़ाई के दौरान महात्मा गांधी का निवास स्थान था। इसके बाद वह साबरमती नदी के तट पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में हिस्सा लेंगे। सुबह 11.15 बजे गांधीनगर के महात्मा मंदिर में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक रिश्तों की समीक्षा की जाएगी।
(एएनआई और यूनीवार्ता के इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन