हर्ष संघवी ने गुजरात के इस शहर को दी 202 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, महिलाओं से की खास अपील
संघवी ने वडोदरा कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में भी भाग लिया। साथ ही शहर को सैकड़ों करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी दी। इस बारे में जानकारी देते हुए संघवी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गुजरात के सपने सच हुए, विकास दरवाजे तक आ गया है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री व गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने 'लव जिहाद' शब्द का जिक्र किए बिना महिलाओं से उन 'फंसी'हुई बेटियों की मदद करने की अपील की है, जो कि अपनी पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने वाले युवकों का शिकार हो जाती हैं। यह बात उन्होंने वडोदरा में रामेश्वर महादेव मंदिर की 'कलश यात्रा' को संबोधित करते हुए कही, इस दौरान उन्होंने सामाजिक एकजुटता और सरकारी सख्ती पर जोर दिया। संघवी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पूरी ताकत से आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में संघवी ने कहा, 'अगर हमारी बेटियां भोलेपन में उन फर्जी पहचान वालों का शिकार बन जाती हैं, तो आप महिलाओं को रानी लक्ष्मीबाई की तरह आगे आना चाहिए। फंसी हुई बेटी को बचाने का संकल्प लें। अगर आप उस बेटी की बुराई करने के बजाय उसके साथ खड़ी रहेंगी, तो कोई भी उसे परेशान करने के बारे में सोच भी नहीं पाएगा।'
संघवी बोले- यह सिर्फ एक धार्मिक महोत्सव नहीं'
इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के राज्य सरकार के संकल्प को सामने रखते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कई जिलों में ऐसी कई महिलाओं को बचाने में सफल रही है। इस अवसर पर वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान खाटू श्याम, सांवरिया सेठजी और भारत माता की प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारतीय संस्कृति और परंपरा को उजागर करने वाला यह दिव्य महोत्सव सिर्फ एक धार्मिक महोत्सव नहीं है, बल्कि हिंदुत्व और देशभक्ति की भावना को लोगों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। वडोदरा के इस धार्मिक स्थल पर दिव्य आयोजन से समाज में एकता, संस्कृति और देशभक्ति के मूल्यों को मजबूती मिलेगी।'
संघवी ने लिखा- विकास दरवाजे तक आ गया
इस कार्यक्रम के बाद संघवी ने वडोदरा कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में भी भाग लिया। साथ ही शहर को सैकड़ों करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी दी। इस बारे में जानकारी देते हुए संघवी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गुजरात के सपने सच हुए, विकास दरवाजे तक आ गया है।
वडोदरा को 202 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
आगे उन्होंने लिखा, 'वडोदरा में कुल 202.79 करोड़ रुपए के पानी की सप्लाई, ड्रेनेज, सड़कें, बिल्डिंग और सीवर जैसे अलग-अलग विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 15.42 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे गर्ल्स हॉस्टल फेज-2 बिल्डिंग के कंस्ट्रक्शन का शिलान्यास किया।' आगे उन्होंने लिखा, 'राज्य सरकार शहरी विकास का एक शानदार तोहफ़ा दे रही है, वहीं गुजरात में चल रहे पब्लिक फैसिलिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का दायरा लोगों की भलाई को बढ़ाएगा और डबल इंजन सरकार की सच्ची कोशिशों से राज्य के विकास की रफ़्तार दोगुनी हो जाएगी।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन