गुजरात के समुद्र किनारे 2.3 करोड़ की चरस बरामद, NDPS एक्ट में FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर तट के पास मिले चरस के पैकेटों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.3 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में कल्याणपुर पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले में समुद्र किनारे करोड़ों रुपये की चरस बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर तट के पास मिले चरस के पैकेटों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.3 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में कल्याणपुर पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों को समुद्र किनारे संदिग्ध पैकेट पड़े होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान इन पैकेटों में करीब 4 किलो चरस बरामद हुई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के चलते इन पैकेटों को समुद्र में फेंक दिया होगा।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि बरामद चरस समुद्री रास्ते से भारत में पहुंचाई गई थी या फिर तस्करों के किसी बड़े नेटवर्क से इसका संबंध है। अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में गुजरात के तटीय इलाकों में मादक पदार्थों की बरामदगी बढ़ी है, जिसके बाद निगरानी और गश्त तेज कर दी गई है।
उधर, कच्छ जिले के क्रीक इलाके में भी बीएसएफ की 176वीं बटालियन ने गश्त के दौरान चरस से भरे 10 पैकेट बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में कच्छ के तटीय क्षेत्रों से 40 से ज्यादा संदिग्ध ड्रग्स पैकेट बरामद हो चुके हैं। कच्छ पाकिस्तान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन