gujarat arabian sea boiling water viral video authorities on high alert गुजरात के पास सागर में उबाल से दहशत; हाई अलर्ट, क्या यह बड़े खतरे का संकेत- VIDEO, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

गुजरात के पास सागर में उबाल से दहशत; हाई अलर्ट, क्या यह बड़े खतरे का संकेत- VIDEO

गुजरात तट के पास समुद्र में पानी उबलने और बुलबुले उठने की रहस्यमयी घटना से हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने इसे गैस रिसाव या भूगर्भीय हलचल का संकेत मानते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

Wed, 21 Jan 2026 12:01 AMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, पालघर
share
गुजरात के पास सागर में उबाल से दहशत; हाई अलर्ट, क्या यह बड़े खतरे का संकेत- VIDEO

गुजरात तट के पास समुद्र की सतह से बुलबुले उठने और पानी के उबाल मारने जैसी रहस्यमयी घटना से हड़कंप मच गया है। मछुआरों ने घटना का वीडियो बनाया है जो वायरल हो रहा है। इसमें समुद्र की लहरों में असामान्य हलचल साफ देखी जा सकती है। इसको लेकर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। अंदेशा है कि यह समुद्र तल से गैस रिसाव या किसी भूगर्भीय गतिविधि का संकेत हो सकता है। सरकार ने जांच के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं। सुरक्षा के लिहाज से मछुआरों को उस इलाके से दूर रहने और जहाजों को रास्ता बदलने की सलाह दी गई है।

असामान्य हलचल से पूरे इलाके में दहशत

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अरब सागर में पानी की हलचल और बुलबुले उठने की खबरों ने प्रशासन और मछुआरों की चिंता बढ़ा दी है। पालघर जिले के एक अधिकारी ने बताया कि मछुआरों के वीडियो में समुद्र के एक बड़े हिस्से में पानी उबलता हुआ और बुलबुले निकलता दिखाई दे रहा है। नजारा ऐसा लग रहा है जैसे पानी उबल रहा हो। समुद्र में इस तरह की असामान्य हलचल से पूरे इलाके में दहशत और आशंका का माहौल है।

घटना बेहद असामान्य

पालघर जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने जानकारी दी कि यह जगह जहाजों के रास्ते और मछली पकड़ने के प्रमुख इलाकों के बहुत पास है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह हलचल समुद्र के नीचे से गैस रिसाव, किसी भूगर्भीय गतिविधि या वहां बिछी पाइपलाइनों में खराबी के कारण हो सकती है। घटना बेहद असामान्य है। ऐसे में इस पर समुद्री और औद्योगिक एजेंसियों को तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।

वजह की हो रही छानबीन

पालघर जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि प्रशासन समुद्री विभागों के साथ मिलकर इस बात की जांच कर रहा है कि यह हलचल किसी प्राकृतिक बदलाव के कारण है या किसी औद्योगिक हादसे की वजह से यह घटना देखी जा रही है। अधिकारी ने जानकारी दी कि सावधानी के तौर पर उस इलाके से गुजरने वाले सभी जहाजों और मछुआरों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

भूकंपीय क्षेत्र वाला गैस रिसाव तो नहीं?

इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज की एक टीम को मौके पर तैनात किया गया है। जांच में ध्यान दिया जा रहा है कि क्या यह समुद्र के नीचे से होने वाला प्राकृतिक मीथेन गैस का रिसाव है या फिर मुंबई हाई क्षेत्र में तेल और गैस पाइपलाइन फटने जैसी कोई मानवीय चूक। आशंका जताई जा रही है कि यह भूकंपीय क्षेत्र में प्राकृतिक गैस के रिसाव के कारण भी हो सकता है। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

स्पॉट से दूर रहने की सलाह

गुजरात का समुद्र तट अरब सागर के उस हिस्से में आता है जहां भूगर्भीय हलचल की आशंकाएं रहती हैं। फिलहाल पालघर के अधिकारी भारतीय तटरक्षक बल, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशनोग्राफी और ओएनजीसी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि सोनार और गैस सेंसर वाले विशेष जहाजों के जरिए असली वजह का पता लगाया जा सके। मछुआरों को इस स्पॉट से दूर रहने की सलाह और विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में 100 झुग्गियों पर चला बुलडोजर; ड्रग्स बिक्री में इस्तेमाल का आरोप
ये भी पढ़ें:दिल्ली में कल से बस रूट्स का नया मैनेजमेंट, लोगों को नहीं करना होगा लंबा इंतजार
ये भी पढ़ें:इस बार 26 जनवरी पर हाईटेक इंतजाम; AI, कार-कॉलिंग से कर्तव्य पथ का सफर होगा आसान

जांच में जुटे विशेषज्ञ

शुरुआती निर्देशों के तहत जहाजों को उबाल वाली जगह से रास्ता बदलने के लिए कहा गया है। विशेषज्ञ पानी के नमूने लेकर हाइड्रोजन सल्फाइड या कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसों की जांच कर रहे हैं। इस जांच के परिणामों से गहरे समुद्र में होने वाले प्राकृतिक बदलावों या औद्योगिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

(पीटीआई-भाषा के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।