गुजरात निकाय चुनाव में वोटिंग से पहले ही भाजपा की हैट्रिक, तीन नगरपालिकाओं में हासिल किया बहुमत
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 28 अप्रैल को होनी है। इन चुनावों में 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और 15 नगर निगमों के लिए मतदान होगा।

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने तीन नगरपालिकाओं में जीत दर्ज कर ली है। दरअसल ऐसा प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने और नामांकन खारिज होने की वजह से हुआ है। इस दौरान पार्टी ने राज्य की तीन नगरपालिकाओं कड़ी, ऊंझा और गणदेवी में बहुमत का जादुई आंकड़ा पा लिया। इन तीनों ही निकायों पर वर्तमान में भी भाजपा का ही कब्जा था।
ऊंझा में 22 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत
मेहसाणा जिले की ऊंझा नगरपालिका में भाजपा ने कुल 36 में से 22 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली। चुनाव अधिकारी बीरेन पटेल ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। 14 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए, जबकि जांच के दौरान 44 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। अब शेष 14 सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा।
कड़ी में भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत के साथ रचा इतिहास
मेहसाणा जिले की ही कड़ी नगरपालिका में भाजपा ने और भी बड़ी जीत दर्ज की। यहां निर्दलीय और अन्य उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद कुल 36 में से 28 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए। राज्य चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 23 फॉर्म रद्द कर दिए गए, जबकि 5 उम्मीदवारों ने चुनाव मैदान से अपना नाम वापस ले लिया। वहीं 9 वार्डों में से 7 वार्ड निर्विरोध जीत लिए, जबकि दो वार्डों की आठ सीटों पर अब चुनाव होंगे।
उधर इस सफलता की जानकारी देते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि कड़ी के विकास के लिए कई विपक्षी उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए मनाया गया। साथ ही उन्होंने इस सफलता को 'अभूतपूर्व' बताया और कहा कि कड़ी शायद गुजरात की पहली ऐसी नगरपालिका है जहां भाजपा ने मतदान से पहले ही दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है।
गणदेवी में कांग्रेस के 16 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज
वहीं नवसारी जिले की गणदेवी नगरपालिका में भाजपा ने मतदान से पहले ही 24 में से 22 सीटों पर कब्जा कर लिया। चुनाव अधिकारी मितेश पटेल ने बताया कि कांग्रेस के 16 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र तकनीकी कारणों से खारिज हो गए। उन्होंने बताया कि पार्टी का मैंडेट (आदेश) न देने या हलफनामा (एफिडेविट) न लगाने की वजह से कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन खारिज हो गए। इसके बाद कुल 24 सीटों में से 22 सीटों पर भाजपा के सामने कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं बचा। अब यहां केवल 2 सीटों पर चुनाव होगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 28 अप्रैल को होनी है। इन चुनावों में 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और 15 नगर निगमों (अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत अन्य) के लिए मतदान होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन