गुजरात में हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत, दो घायल; शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार
हादसे के बाद वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को गंभीर हालत में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी भी मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या सात हो गई।

गुजरात के वलसाड जिले के कुंभघाट इलाके में शुक्रवार को हुए एक भीषण हादसे में एक तेज रफ्तार मारुति ईको वैन और ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। इस सड़क दुर्घटना में जहां सात लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल भी हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार दोपहर को कपराडा-नानापोंधा घाट रोड पर उस वक्त हुआ, जब वैन एक तीखे मोड़ के पास ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं और शादी में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि, हादसे के बाद वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को गंभीर हालत में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी भी मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या सात हो गई। अधिकारी ने बताया कि मरने वाले कपराडा तालुका के अंबा जंगल गांव के रहने वाले थे। दुर्घटना में ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
कार इतनी स्पीड में थी कि टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे तक घुस गया। वहीं एक महिला का सिर ट्रक के टायर में फंस गया था। अधिकारी ने बताया कि टक्कर से वैन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंच गए और टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन