स्कूल, मेट्रो, अदालत को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, 5 दिन में भेजे 50 ईमेल
देशभर में फैले फर्जी बम धमकी ईमेल मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से 28 वर्षीय आरोपी सौरव बिस्वास को गिरफ्तार किया है।

देशभर में फैले फर्जी बम धमकी ईमेल मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से 28 वर्षीय आरोपी सौरव बिस्वास को गिरफ्तार किया है। उस पर देश के कई शहरों में स्कूलों, मेट्रो स्टेशनों, अदालतों और वित्तीय संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल भेजने का आरोप है।
50 से ज्यादा धमकी भरे ईमेल भेजे
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में जांच अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि आरोपी ने पिछले पांच दिनों के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से अधिक धमकी भरे ईमेल भेजे थे। इन ईमेल का निशाना मुंबई, दिल्ली, गुजरात समेत कई राज्यों के महत्वपूर्ण संस्थान थे। इनमें स्कूल, मेट्रो स्टेशन और मुंबई का स्टॉक एक्सचेंज भी शामिल था। इन धमकियों के बाद कई शहरों में सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था और कई जगहों पर एहतियातन जांच और तलाशी अभियान चलाया गया।
मुंबई मेट्रो में बम है…
मुंबई में 27 फरवरी की सुबह करीब 8:46 बजे कई स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों को इंटरनेट के जरिए धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, जिसमें दो दिन के भीतर बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। इस ईमेल के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और कई स्थानों पर तत्काल जांच और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
अहमदाबाद में भी भेजा धमकी भरा मेल
इस मामले में मुंबई में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद साइबर विशेषज्ञों ने ईमेल के डिजिटल ट्रेल की जांच शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान ईमेल का स्रोत पश्चिम बंगाल के न्यू बैरकपुर इलाके तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस टीमों को आरोपी की तलाश में वहां भेजा गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने 16 फरवरी को अहमदाबाद में भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल भेजा था। उस मामले में अहमदाबाद साइबर क्राइम पुलिस पहले ही केस दर्ज कर चुकी थी।
दहशत फैलाने के लिए भेजता था मेल
तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 1 मार्च को आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उसे अपनी जांच के सिलसिले में कस्टडी में लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी भरे ईमेल भेजने के पीछे उसका मकसद क्या था, उसने किस तकनीक का इस्तेमाल किया और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या बड़ा नेटवर्क भी शामिल है।
प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि आरोपी ने इन ईमेल के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन