Chaos erupts in Greater Noida society on Holi; security guards and residents clash ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में होली पर बवाल, सुरक्षा गार्ड और निवासियों में झड़प, Ncr Hindi News - Hindustan
More

ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में होली पर बवाल, सुरक्षा गार्ड और निवासियों में झड़प

उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित श्री राधा स्काई गार्डेन्स सोसायटी में होली के दिन उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सुरक्षा गार्डों और कुछ निवासियों के बीच कहासुनी ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया।

Thu, 5 March 2026 11:53 AMRatan Gupta वार्ता, ग्रेटर नोएडा
share
ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में होली पर बवाल, सुरक्षा गार्ड और निवासियों में झड़प

उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित श्री राधा स्काई गार्डेन्स सोसायटी में होली के दिन उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सुरक्षा गार्डों और कुछ निवासियों के बीच कहासुनी ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरक्षा गार्डों ने लाठियों से कुछ निवासियों की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गार्डों ने लाठियों से की मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होली खेलने के दौरान किसी बात को लेकर गार्ड और कुछ युवकों के बीच बहस शुरू हुई। बहस बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान कुछ गार्ड लाठियां लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवारों में दहशत फैल गई।

महिलाएं बच्चे भी थे मौजूद

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक-दूसरे पर लाठियां चला रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं। महिलाएं और बच्चे भी वहां मौजूद थे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। दोनों पक्षों से तहरीर लिए जाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर कार्रवाई की तैयारी है।

गार्डों को लेकर खड़े हो रहे सवाल

घटना के बाद सोसायटी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और गार्डों के आचरण पर सवाल उठ रहे हैं। निवासियों का कहना है कि त्योहार के दिन ऐसी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। त्योहार के दिन हुई इस घटना ने सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।