दोस्त के घर रखे थे 120Kg चांदी के जेवर, 1 करोड़ का माल लेकर चोर हुए फरार; CCTV में दिखा कांड
चोरों ने एक घर से करीब 120 किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, यह चोरी देर रात करीब 2:30 बजे के आसपास हुई।
गुजरात के रांचोड़ नगर इलाके में बुधवार तड़के एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक घर से करीब 120 किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, यह चोरी देर रात करीब 2:30 बजे के आसपास हुई।
इस मामले में अतुल बुसा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बुसा पेशे से चांदी के कारोबारी हैं और उन्होंने यह भारी मात्रा में चांदी अपने दोस्त बिपिनभाई के घर सुरक्षित रखने के लिए रखी थी। बुधवार सुबह बिपिनभाई ने उन्हें फोन कर बताया कि घर में रखी चांदी गायब है। इसके बाद अतुल बुसा ने पुलिस से संपर्क किया।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस हेतल पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें तीन संदिग्ध युवक तड़के घर में घुसते और कुछ देर बाद बैग लेकर कार से फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और वाहन की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में भी लगे कैमरों की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में वैश्विक बाजार में चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखा गया है। माना जा रहा है कि इसी वजह से चांदी कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुटी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन