कॉल में बैकग्राउंड नॉइस होगा गायब! WhatsApp कर रहा है बड़ा एक्सपेरिमेंट
WhatsApp में एक नया फीचर आ रहा है, जो रोजमर्रा की कॉलिंग को पूरी तरह बदल सकता है और लाखों यूजर्स को बेहतर कम्युनिकेशन एक्सपीरियंस दे सकता है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।

सबसे लोकप्रिय मेसेजिंग ऐप्स में से एक WhatsApp अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स लाता रहता है। अब कंपनी एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है जो खासतौर पर कॉलिंग एक्सपीरियंस को बदल सकता है। यह नया Noise Cancellation फीचर है, जिसका मकसद शोर-शराबे के बीच भी आपकी आवाज को क्लियर और स्पष्ट बनाना है।
Meta की ओनरशिप वाले WhatsApp इस फीचर के जरिए रियल-टाइम में बैकग्राउंड नॉइज को फिल्टर करेगी। यानी जब आप किसी भीड़भाड़ वाली जगह, सड़क, कैफे या हवा के तेज शोर के बीच कॉल करेंगे, तब भी सामने वाले तक आपकी आवाज बिना किसी दिक्कत और नॉइस के पहुंचेगी। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए काम का होगा जो अक्सर बाहर रहते हुए या शोरगुल वाले माहौल में कॉल करते हैं।
बिना किसी एक्सट्रा सेटिंग के आसान इस्तेमाल
फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए किसी एक्स्ट्रा डिवाइस या मुश्किल सेटिंग की जरूरत नहीं होगी। यह इन-ऐप फीचर होगा, जो वॉइस और वीडियो कॉल दोनों में काम करेगा। बाय डिफॉल्ट से यह फीचर ऑन रहेगा, हालांकि यूजर इसे कॉल इंटरफेस से ऑन या ऑफ भी कर सकेंगे।
फिलहाल बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध
Noise Cancellation फीचर अभी केवल Android बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया गया है। जिन यूजर्स के पास WhatsApp का 2.26.14.14 वर्जन है, वे कॉलिंग सेक्शन में इस फीचर को देख सकते हैं। हालांकि, यह फीचर अभी धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है, इसलिए हर यूजर को तुरंत इसका फायदा नहीं मिलेगा।
बता दें, जब आप कॉल करेंगे, तो यह फीचर आपके आसपास की अनचाही नॉइस को कम करेगा और आपकी आवाज को हाइलाइट करेगा। ध्यान देना जरूरी है कि यह फीचर आपकी आवाज को तो साफ करेगा, लेकिन सामने वाले की आवाज तभी बेहतर सुनाई देगी जब उनके पास भी यह फीचर ऐक्टिव हो।
रियल लाइफ में कैसे होगा फायदेमंद?
आज के समय में जब वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लास और रिमोट कम्युनिकेशन आम हो गया है, यह फीचर बेहद उपयोगी साबित होगा। स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और फ्रीलांसर्स बिना जगह बदले आसानी से कॉल कर पाएंगे। अच्छी बात यह है कि अब आपको शांत जगह ढूंढने की जरूरत नहीं होगी और आप कहीं से भी आराम से बात कर सकेंगे।
मेसेजिंग प्लेटफॉर्म के मुताबिक, आने वाले कुछ हफ्तों में इस फीचर को और ज्यादा बीटा यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन