बीआर चोपड़ा की महाभारत ने रामायण को इस मामले में दी थी मात, गिनीज बुक में दर्ज हुआ था नाम
बीआर चोपड़ा की महाभारत को दूरदर्शन के सबसे सफल शोज में से एक माना जाता है। इस शो का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है। आइए जानते हैं किस वजह से गिनीज बुक में रिकॉर्ड हुआ था शो का नाम।

दूरदर्शन के कई शोज हैं जो आज भी लोगों के जहन में ताजा हैं। इन शोज में रामायण और महाभारत जैसे शोज का नाम शामिल है। रामायण और महाभारत दूरदर्शन के सबसे सफल शोज में माने जाते हैं। दोनों शोज की टीआरपी भी शानदार थी। पर क्या आप जानते हैं रामायण और महाभारत में से टीआरपी के मामले में कौन सा शो आगे था? इनमें से एक शो का नाम अपनी टीआरपी की वजह से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था।
रामायण से ज्यादा थी महाभारत की टीआरपी
बीआर चोपड़ा की महाभारत की टीआरपी रामायण शो से ज्यादा थी। इसी वजह से शो का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हुआ था। महाभारत में युधिष्ठिर का रोल करने वाले गजेंद्र चौहान ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि महाभारत के पहले एपिसोड की टीआरपी और आखिरी एपिसोड की रेटिंग रामायण से ज्यादा थी।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में क्यों दर्ज हुआ था महाभारत का नाम?
उन्होंने कहा था, “जब 1987 में रामायण शुरू हुआ था, तब उसके पहले एपिसोड की टीआरपी 34 % और 1988 में आए आखिरी एपिसोड की रेटिंग 78% थी। वहीं, महाभारत के पहले एपिसोड की रेटिंग 79% थी और 1990 में टीवी पर आने वाले आखिरी एपिसोड की टीआरपी 99.6 % रही थी। अपने इसी रिकॉर्ड की वजह से इस शो को गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया गया। 'महाभारत' से पहले हॉलीवुड के दो शोज़ की टीआरपी 80% के आसपास रही थी और उनका नाम था 'डायनैस्टी' और 'डैलस' है।”
शो को लेकर युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले गजेंद्र चौहान ने क्या कहा था?
इसी पुराने इंटरव्यू में गजेंद्र चौहान ने कहा था, “शो को इतने ग्रैंड लेवल पर बनाया गया था कि उसकी टीआरपी पर कोई सवाल ही नहीं उठा सकता था। एक्टर्स से लेकर राइटर्स तक सब इतनी मेहनत और लगन से काम करते थे कि स्क्रीन पर सबकुछ कंविंसिंग लगता था। शो को देखते वक्त लोग किरदारों से रिलेट कर पाते थे।”
1988 से 1990 के बीच प्रसारित हुआ था महाभारत
दूरदर्शन पर महाभारत 1988 से 1990 के बीच प्रसारित हुआ था। इस शो में मुकेश खन्ना (भीष्म), गजेंद्र चौहान (युधिष्ठिर) , नितीश भारद्वाज (कृष्ण), प्रवीण कुमार सोबती (भीम), फिरोज खान (अर्जुन), पंकज धीर(कर्ण), रूपा गांगुली (द्रौपदी), पुनीत इस्सर (दुर्योधन), सुरेंद्र पाल (द्रोणाचार्या) और गिरिजा शंकर (धृतराष्ट्र) जैसे कलाकार नजर आए थे। महाभारत की आईएमडीबी रेटिंग की बात करें तो शो की रेटिंग 8.9 है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन