किंग कोबरा की नागिन क्यों है दिव्य माता? जर्मनी में दिखायी जाएगी उत्तराखंड की फिल्म
उत्तराखंड की यह फिल्म जर्मनी के फिल्म फेस्टिवल में चलाई जाएगी। जानिए किस बारे में होगी यह फिल्म और क्यों इसे लेकर उत्साह का माहौल है।

उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे देश के लिए यह गर्व का पल है। किंग कोबरा पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म को जर्मनी में आयोजित होने जा रहे 'ग्रीन स्क्रीन' इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चुना गया है। 'द डिवाइन मदर' नाम की इस डॉक्यूमेंट्री को 9 से 13 सितंबर तक इस फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जाएगा। यह फिल्म उत्तराखंड में किंग कोबरा की मौजूदगी और हिमालय के ईकोसिस्टम में उनकी भूमिका के बारे में बात करती है। यह फिल्म न सिर्फ भारत की तरफ विदेशियों का ध्यान खींचेगी बल्कि उत्तराखंड की वाइल्ड लाइफ और बायोडायवर्सिटी को भी अटेंशन देने की वजह बनेगी।
महीनों का फील्डवर्क और कड़ी मेहनत
बता दें कि इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म को बनाने में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित अनुप साह ने कन्जर्वेशनिस्ट पार्थ शर्मा के साथ मिलकर किया है। इसका निर्देशन फिल्म निर्माता अजय सूरी ने किया है। इस पूरी फिल्म को तैयार करने में 18 महीने का फील्डवर्क लगा। फिल्म किंग कोबरा की दुनिया पर आधारित है, जो एक ऐसी प्रजाति है जिससे अक्सर लोग डरते हैं लेकिन प्रकृति और बायोलॉजिकल इकोसिस्टम में इसकी बहुत अहम भूमिका है। डॉक्यूमेंट्री का मुख्य हिस्सा मादा कोबरा का घोंसला बनाना है।
क्या होगी डॉक्यूमेंट्री फिल्म की कहानी?
फिल्म में दिखाया गया है कि उत्तराखंड के जंगलों में रहने वाली मादा कोबरा कैसे घोंसला बनाती है और अपने अंडों की रक्षा करती है। सांपों की प्रजाति में यह दुनिया के सबसे अनूठे कामों में से एक है। मालूम हो कि 'ग्रीन स्क्रीन' इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल नेचर और वाइल्डलाइफ फिल्मों के मुख्य प्लेटफॉर्म्स में से एक है। इस चयन के साथ, 'द डिवाइन मदर' फिल्म उत्तराखंड के समृद्ध वन्यजीवों को विश्वभर के दर्शकों तक पहुंचाएगी। उत्तराखंड के वन एंव पर्यावरण मंत्री ने इस बारे में खुशी जाहिर की है।
वन एवं पर्यावरण मंत्री ने जाहिर की खुशी
उत्तराखंड के वन एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल ने समाचार एजेंसी ANI के साथ बातचीत में फिल्म को इस फिल्म फेस्टिवल के लिए चुने जाने के बारे में बात करते हुए कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि फिल्म को ग्रीन स्क्रीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चुना जाना बताता है कि उत्तराखंड के संरक्षण कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। सुबोध उनियाल ने कहा, 'राजभवन में हमने किंग कोबरा पर जो डॉक्यूमेंट्री लॉन्च की, उसका जर्मनी में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चुना जाना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन