'इंडियाज गॉट टैलेंट' विवाद के बाद अभी भी ठीक नहीं हैं रणवीर अल्लाहबादिया, कहा- 'मेरी मां पर शारीरिक हमला भी हुआ था'
रणवीर अल्लाहबादिया के शो पर जानी मानी डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान बतौर गेस्ट पहुंची। इस दौरान रणवीर ने बताया, 'पिछले साल मेरे साथ जो कुछ भी हुआ, मैं यह तो नहीं कहूंगा कि मैं ठीक हूं, लेकिन मैं एक मजबूत इंसान हूं।

फेमस यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया बीते साल अपने एक कमेंट को लेकर काफी विवादों में रहे। समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट टैलेंट' के दौरान रणवीर ने माता-पिता को लेकर एक कमेंट किया था, जिसके बाद उन्हें काफी ट्रोल किया गया। ऐसे में अब रणवीर ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस विवाद के बारे में खुलकर बात की है। रणवीर ने बताया कि IGL के विवादित एपिसोड के बाद उनके साथ जो कुछ भी हुआ था, उससे वह अभी तक उबर नहीं पाए हैं।
मैं एक मजबूत इंसान हूं
दरअसल, रणवीर अल्लाहबादिया के शो पर जानी मानी डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान बतौर गेस्ट पहुंची। इस दौरान रणवीर ने बताया, 'पिछले साल मेरे साथ जो कुछ भी हुआ, मैं यह तो नहीं कहूंगा कि मैं ठीक हूं, लेकिन मैं एक मजबूत इंसान हूं।' इस पर फराह खान ने कहा, 'किसी युवा व्यक्ति के लिए लगभग 'कैंसिल' हो जाना एक बहुत ही दुखद अनुभव होता है। मुझे 'कैंसिल कल्चर' से नफरत है।'
मैं अभी भी अंदर ही अंदर अपनी मुश्किलों से जूझ रहा हूं
इस दौरान फराह खान ने ये भी कहा कि उन्हें नैतिक फैसले देना 'बिल्कुल पसंद नहीं है'। इस पर रणवीर ने उन्हें बताया कि उन्होंने अभी तक इस बारे में खुलकर बात नहीं की है कि उन्हें किन-किन मुश्किलों से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा, 'और भी बहुत कुछ हुआ, जिसके बारे में मैंने कभी बात नहीं की।' अल्लाहबादिया ने आगे कहा, 'मैं अभी भी अंदर ही अंदर अपनी मुश्किलों से जूझ रहा हूं। एक प्रोफेशनल के तौर पर आपसे मिलना मेरे लिए एक तरह का सुकून था।'
मेरी मां पर हुआ शारीरिक हमला
रणवीर ने आगे ये भी बताया कि इस विवाद का उनकी मां पर कितना गहरा असर पड़ा। उन्होंने कहा, 'एक दिन मैं सबके सामने उन सभी बातों के बारे में बात करना चाहता हूं जो हुईं। अभी सही समय नहीं है। लेकिन मैं इतना कह सकता हूं कि मेरी मां बहुत दुखी और परेशान हैं। एक दिन उन पर शारीरिक हमला भी हुआ था। मैं यह मनगढ़ंत कहानी नहीं सुना रहा हूं। यह सच में हुआ था और वह इस घटना से बहुत डर गई हैं। वैसे वह एक बहुत ही मजबूत महिला हैं।' इस पर फराह खान ने कहा, 'मजबूत लोग तब सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं, जब उनके बच्चों के साथ कुछ बुरा होता है।'
क्या था 'इंडियाज गॉट टैलेंट' का विवाद
जिन लोगों को इस बारे में नहीं पता, उन्हें बता दें कि 2025 में 'इंडियाज गॉट टैलेंट' के एक एपिसोड के बाद रणवीर अल्लाहबादिया एक बड़े विवाद में फंस गए थे। इस एपिसोड में उन्होंने एक कंटेस्टेंट से एक आपत्तिजनक सवाल पूछा था, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। इस दौरान रणवीर ने माता-पिता को लेकर एक बेहूदा सवाल किया था। हालांकि अपूर्वा मखीजा और आशीष चंचलानी समेत जजों के पैनल ने इस टिप्पणी पर हंसते हुए इसे टाल दिया था, लेकिन ऑनलाइन इसकी जबरदस्त आलोचना हुई और रणवीर तथा शो के निर्माताओं के खिलाफ कई FIR दर्ज की गईं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन