धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न देने पर Oscar ने दी सफाई, बताया कौन तय करता है लिस्ट
ऑस्कर का 'In Memoriam' सेगमेंट वो सेगमेंट होता है जिसमें पिछले एक साल में इस दुनिया को अलविदा कहने वाले कलाकारों को याद किया जाता है। इस साल इस सेगमेंट में धर्मेंद्र समेत कई एक्टर्स को श्रद्धांजलि नहीं दी गई।

ऑस्कर 2026 पर विवाद बढ़ता जा रहा है। दरअसल, मिडिल ईस्ट क्राइसिस के बीच लॉस एंजिल्स में आयोजित ऑस्कर 2026 में हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के साथ-साथ कई अन्य अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को श्रद्धांजलि नहीं दी गई। जिसकी वजह से फैंस और सेलेब्स का गुस्सा फूट पड़ा है। ऐसे में शो के एग्जीक्यूटिव रॉब मिल्स ने इस पर सफाई दी है और बताया कि ये कैसे तय किया जाता है कि ऑस्कर में किसे मरणोपरांत याद किया जाएगा और किसे नहीं।
कौन है जिम्मेदार?
वैराइटी (Variety) से बात करते हुए रॉब मिल्स ने स्पष्ट किया कि टीवी पर किसे दिखाया जाएगा, इसका अंतिम फैसला 'एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' (AMPAS) का होता है। उन्होंने कहा, ‘बदकिस्मती से, हम हर साल बहुत सारी महान हस्तियों को खो रहे हैं इसलिए शायद कुछ हस्तियों का नाम छूट जाता है।’
ऑस्कर की तारीफ
आलोचना के बीच रॉब मिल्स ने ऑस्कर की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हालांकि, मुझे सच में लगता है कि उन्होंने कल रात जो किया, वह शायद ऑस्कर के इतिहास का अब तक का सबसे बेहतरीन इन मेमोरियम था।'

हेमा मालिनी का करारा जवाब
भारतीय सिनेमा के 'ही-मैन' धर्मेंद्र का नाम मुख्य क्लिप में न होने पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे 'शर्मनाक' बताते हुए कहा बॉलीवुड हंगामा से कहा, ‘बेशक, यह शर्म की बात है। यह उनके लिए शर्म की बात है कि उन्होंने एक ऐसे अभिनेता को नजरअंदाज कर दिया, जो दुनिया के कई हिस्सों में, बहुत से लोगों के लिए बहुत मायने रखता है। धरम जी को हर जगह जाना और पहचाना जाता था। उन्हें ज्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले तो फिर उन्हें ऑस्कर की परवाह क्यों होगी? हम दोनों ही, अपने देश में मिले प्यार से खुश थे। लेकिन अवॉर्ड हमेशा उनसे दूर ही रहे।’
सिर्फ धर्मेंद्र ही नहीं, ये नाम भी थे गायब
हैरानी की बात यह है कि इस बार 'In Memoriam' सेगमेंट काफी लंबा था, फिर भी एरिक डेन, ब्रिगिट बार्डोट और जेम्स वान डेर बीक जैसे बड़े नामों को टीवी स्क्रीन पर जगह नहीं मिली। इन्हें केवल ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट पर 300 अन्य नामों के साथ लिस्ट किया गया।
सार
ऑस्कर का 'In Memoriam' हर साल विवादों में रहता है, लेकिन इस बार भारतीय दर्शकों की नाराजगी ने इसे ग्लोबल मुद्दा बना दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन