आदित्य धर की 'धुरंधर' के लिए आमिर खान से किया गया था संपर्क, क्या ऑफर हुआ था ये मेन लीड रोल?
'धुरंधर 2' स्पाई थ्रिलर 2026 की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फ्रैंचाइजी में से एक बन गई है। फिल्म की इस ज़बरदस्त सफलता के बीच, ऑनलाइन ऐसी अफवाहें फैलने लगी कि 'धुरंधर 2' में एक अहम किरदार के लिए शायद आमिर खान से संपर्क किया गया था।

आदित्य धर की 'धुरंधर' ने इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है। इसका ओरिजिनल और सीक्वल, दोनों ही दुनिया भर के दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहा। मूवी में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, आर माधवन और संजय दत्त जैसे स्टार्स ने अपनी एक्टिंग से फिल्म को एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया। ये स्पाई थ्रिलर 2026 की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फ्रैंचाइजी में से एक बन गई है। फिल्म की इस ज़बरदस्त सफलता के बीच, ऑनलाइन ऐसी अफवाहें फैलने लगी कि 'धुरंधर 2' में एक अहम किरदार के लिए शायद आमिर खान से संपर्क किया गया था। हालांकि, आमिर के एक करीबी ने इस अफवाहों का सच बताया।
क्या अजीत डोभाल पर फिल्म बनाएंगे आमिर?
दरअसल, 'धुरंधर' के साथ आमिर खान का नाम जुड़ते ही कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित कोई किरदार निभा सकते हैं। तो वहीं, फैंस ने यह भी दावा किया कि आमिर ने 'रहमान डकैत' के किरदार में दिलचस्पी दिखाई थी। यही नहीं, ये भी खबरें सामने आईं कि आमिर खान को फिल्म में शामिल होने के बजाय उन्होंने अजीत डोभाल पर एक बायोपिक बनाने का प्रस्ताव दिया था।
आमिर के करीबी ने बताया सच
इन अफवाहों के बीच, आमिर खान के करीबी सूत्र ने अब इस बात की पुष्टि कर दी है कि ये सभी दावे "पूरी तरह से झूठे और बेबुनियाद" हैं। उन्होंने 'इंस्टेंट बॉलीवुड' को बताया कि इस फिल्म के संबंध में आमिर खान, निर्देशक आदित्य धर या कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा के बीच किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है।
आमिर को पसंद है इस तरह की फिल्में
'वैरायटी इंडिया' से बात करते हुए, आमिर खान ने ऑनलाइन चल रही चर्चाओं और ट्रोलिंग पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, "मेरे बारे में एक अजीब बात यह है कि मैं फिल्में नहीं देखता। मैं पढ़ने वाला इंसान हूं। मैं पढ़ता हूं। इसलिए, जब बहुत से लोगों के पास खाली समय होता है, तो वे कोई कंटेंट देखते हैं-चाहे वह कोई शो हो या कोई फिल्म। मुझे पढ़ना पसंद है।" उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने लगातार जो एकमात्र फिल्में देखी हैं, वो ब्लैक-एंड-व्हाइट क्लासिक फिल्में हैं। इससे क्लियर है कि आमिर को किस तरह का कंटेंट देखना पसंद है।
'धुरंधर' के बारे में
'धुरंधर 2' 2025 की हिट फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है, जो पिछले दिसंबर में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दिखाया गया था कि कैसे हमजा, पाकिस्तान के लयारी में एक बलूच गैंग में घुसपैठ करके एक आतंकी संगठन को खत्म करता है। इस सीक्वल में इस बात की बैक स्टोरी दिखाई गई है कि कैसे हालात की वजह से जसकीरत, हमजा बन जाता है। रणवीर, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी, दानिश पांडोर और अन्य कलाकारों ने इस फिल्म में अपनी पुरानी भूमिकाएं ही निभाई हैं। पहली फिल्म 'धुरंधर' ने दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी और दिसंबर में रिलीज होने के तीन महीने बाद भी यह अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है। उम्मीद है कि इसका सीक्वल और भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन