हेमा मालिनी ने नहीं देखी धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’, बोलीं- सनी देओल ने…
Hema Malini on Dharmendra: धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। हेमा मालिनी ने बताया कि उन्होंने अभी तक ये फिल्म नहीं देखी है। उन्होंने इसका कारण भी बताया है।

हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने अभी तक अपने दिवंगत पति धर्मेंद्र देओल की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ नहीं देखी है। उन्होंने इसके पीछे का कारण बताते हुए कहा, ‘जब फिल्म रिलीज हुई थी तब मैं मथुरा आ गई थी। मुझे यहां काम था। वैसे अगर मुंबई में होती भी तो नहीं देख पाती। मैं इसे अभी नहीं देख सकती। यह बहुत ज्यादा इमोशनल हो जाएगा मेरे लिए। मेरी बेटियां भी यही कह रही हैं। शायद मैं इसे बाद में देखूंगी जब जख्म भरने लगेंगे।’
‘मुझे आगे बढ़ना है, बढ़ना ही होगा’
इंटरव्यू के दौरान जब हेमा मालिनी से पूछा गया कि वह अब कैसी हैं तो उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ‘मैं बहुत गहरे दुख में थी और वह दुख अभी भी है। लेकिन मैं इस दुख से बाहर निकलने की कोशिश कर रही हूं क्योंकि यह मेरे लिए बर्दाश्त से बाहर है। मैं मजबूत हूं, सब यही कहते हैं... मैं मजबूत हूं, लेकिन कभी-कभी... मुझे आगे बढ़ना है, मुझे बढ़ना ही होगा।’

सनी देओल की प्लानिंग
इंटरव्यू के दौरान हेमा ने ये भी बताया सनी देओल, धर्मेंद्र का म्यूजियम प्लान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘सनी यही प्लान कर रहा है। तो वह ऐसा करेगा। हम सलाह करके करेंगे। वह मुझे जो भी करेगा बताएगा, वह मुझे बताता है।’

‘हम 57 साल तक साथ थे’
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करते हुए कहा, ‘हम 57 साल तक साथ थे। मैं उनके बिना जिंदगी की कल्पना भी नहीं कर सकती। मुझे हर मिनट उनकी याद आती है। ऐसा नहीं था कि हम हर समय साथ रहते थे, लेकिन वह हमेशा पूछते रहते थे, ‘तुम कहां हो? कब आ रही हो? क्या तुम वापस आ रही हो? तो, मैं भी लोनावाला से वापस आ रहा हूं।’ वह आते थे और मेरे व परिवार के साथ यहां रहते थे। उनके बिना मुझे दुख होता है। बस एक ही सवाल मन में आता है, मैं उनसे दोबारा कब मिलूंगी?’
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन