वो जो भी करते हैं मुझे बताते हैं…सनी देओल से अपने रिश्ते पर हेमा मालिनी ने कही ये बात
हेमा मालिनी ने हाल में सनी देओल के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की है। एक्ट्रेस ने बताया कि उनका और धर्मेंद्र के दूसरे परिवार के साथ अब कैसे संबंध हैं। एक्ट्रेस ने कहा ये उनकी निजी जिंदगी है और वो किसी के सामने सफाई नहीं देना चाहती।

बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। 24 नवंबर को एक्टर ने अपनी आखिरी सांस ली थी। एक्टर के निधन बाद ऐसी खबरें थीं कि उनके दोनों परिवारों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। इसकी वजह धर्मेंद्र के लिए रखी गई दो अलग प्रार्थना सभाएं थीं। अब हेमा मालिनी ने अपने नए इंटरव्यू में सौतेले बेटे सनी देओल और परिवार के साथ बांड पर चुप्पी तोड़ी है। हेमा ने बताया कि सनी कुछ भी करने से पहले उन्हें जरूर बताते हैं। और दोनों परिवारों के बीच संबंध अच्छे हैं।
हेमा मालिनी को सब बताते हैं सनी देओल
इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में हेमा मालिनी ने सनी देओल के साथ अपने रिश्ते पर बात की। एक्ट्रेस ने कहा, 'सनी मुझे बताते हैं, वो जो भी करते हैं मुझे बताते हैं'। आगे एक्ट्रेस ने कहा, ‘हमारा रिश्ता हमेशा से अच्छा और खुशनुमा रहा है। मुझे नहीं पता कि लोगों को क्यों लगता है कि हमारे रिश्ते में कुछ दिक्कत है। लोग बस गॉसिप करना चाहते हैं। मैं उन्हें जवाब क्यों दूं? मुझे अपनी सफाई क्यों देनी चाहिए? क्यों दू? ये मेरी निजी जिंदगी है, हमारी निजी जिंदगी है। हम खुश हैं और एक दूसरे के करीब हैं और बस। मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना है। मुझे नहीं पता लोग इस बारे में क्या-क्या कहानी बना रहे हैं। ये दुख की बात है कि लोग दूसरे के दुख का फायदा उठाकर आर्टिकल लिख देते हैं। मैं इसलिए ऐसे आर्टिकल का जवाब नहीं देती हूं।’

साथ हैं धर्मेंद्र के दोनों परिवार
बता दें, धर्मेंद्र के निधन के बाद सनी देओल ने एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। इस सभा में इंडस्ट्री के तमाम लोग शामिल हुए थे लेकिन हेमा और उनकी दोनों बेटियां शामिल नहीं हुई। वहीं हेमा ने दिल्ली में अपने जानने वाले लोगों के लिए एक आयोजन किया था जिसमें उनकी दोनों बेटियां और उनके पति पहुंचे थे। हालांकि दोनों परिवार एक हैं और हर मुश्किल घड़ी में एक दूसरे के साथ खड़े हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन