'छोटा पंडित' ने बदल दी जिंदगी, राजपाल यादव बोले- 10 साल के बच्चे मुझे जानते हैं
राजपाल यादव ने हाल ही में अपने किरदार ‘छोटा पंडित’ के बारे में बात की। उन्होंने बताया कैसे उनका किरदार मीम कल्चर का हिस्सा बन गया है। राजपाल यादव जल्द ही अक्षय कुमार के साथ फिल्म भूत बंगला में नजर आएंगे।

राजपाल यादव इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म भूत बंगला को लेकर चर्चा में हैं। राजपाल यादव एक बेहतरीन कलाकार हैं। उन्होंने कई फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए हैं जो आज मीम कल्चर का हिस्सा हैं। इन्हीं किरदारों में राजपाल यादव का छोटा पंडित वाला किरदार सिनेमा लवर्स से लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। अब राजपाल यादव ने अपने इस किरदार के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे इस किरदार ने उनका जीवन बदल दिया।
अपनी फिल्मों के बारे में क्या बोले राजपाल यादव?
टाइम्स नाउ के साथ खास बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि कैसे उनके किरदार अब मीम कल्चर का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा, "पिछले 20 सालों से मैंने जो फिल्में की हैं, वो सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ चुकी हैं। अब ये इस पीढ़ी के कई बच्चों के लिए इनकम का सोर्स बन गई हैं। करेंट ऑडियंस के साथ मैं जेन-जी का हिस्सा भी बन चुका हूं।"
छोटा पंडित के बारे में क्या बोले राजपाल यादव
राजपाल यादव ने कहा कि उनका किरदार छोटा पंडित लोगों के बीच काफी पॉपुलर हो गया। जब राजपाल यादव से पूछा गया कि कैसे छोटा पंडित के किरदार ने उनका जीवन बदला? एक्टर ने जवाब दिया कि वो एक ऐसा किरदार है जो हर स्थिति में फिट हो भी जाता है और नहीं भी होता है।
राजपाल यादव ने कहा, "जिस समाज में हम रहते हैं ‘छोटा पंडित’ उसका कैरीकेचर है। मैं धर्म में मानता हूं। मुझे याद है चारली चैपलीन ने एक बार कहा था कि अगर आप अपने जीवन का दुख दिखाकर लोगों को खुश करते हो, तो ये सबसे बढ़िया चीज है। अगर आप दूसरों को दुखी करते हैं, तो वो बुरा है। ‘छोटा पंडित’ ऐसा मिनियेचर है जो बहुत सी चीजों में फिट और अनफिट होता है।
अगले 70 साल के लिए ऑडियंस मिल गई
राजपाल यादव ने कहा कि हर उम्र के लोग ‘छोटा पंडित’ के किरदार को प्यार करते हैं। उन्होंने कहा, "अब 10 साल के बच्चे मुझे जानते हैं, और 70 से ऊपर के लोग मुझे आशीर्वाद देते हैं। मुझे लगता है कि ‘छोटा पंडित’ ने मुझे अगले 70 साल के लिए ऑडियंस दे दी है। मुझे नहीं लगा था कि लोगों के बीच ये किरदार इतना पॉपुलर हो जाएगा। जब भी मैं कहीं जाता हूं, मुझे ‘छोटा पंडित’ की पेंटिंग्स और मिनियेचर्स देखने को मिलते हैं।"
‘छोटा पंडित’ के किरदार की बात करें तो राजपाल यादव का ये किरदार अक्षय कुमार की फिल्म भूल भुलैया में नजर आया था। फिल्म साल 2007 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था। भूत बंगला भी प्रियदर्शन ने ही डायरेक्ट की है। फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन