आयुष्मान ने रणवीर को बताया बॉलीवुड का असली लॉयन! बोले- 3 दिन नहीं उतरा धुरंधर-2 का खुमार!
Ayushmann Khurrana: फिल्म धुरंधर-2 देखने के बाद एक्टर आयुष्मान खुराना एक्टर रणवीर सिंह की तारीफों के पुल बांधते नजर आए। जानिए उन्हें इस फिल्म में क्या अच्छा लगा?

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' का बॉक्स ऑफिस पर धमाल जारी है। सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म को न सिर्फ जनता का, बल्कि बॉलीवुड सितारों का भी खूब प्यार मिल रहा है। आयुष्मान खुराना ने भी यह फिल्म देखी और इसका रिव्यू सोशल मीडिया पर साझा किया। आयुष्मान खुराना एक्टर रणवीर सिंह के काम पर फिदा नजर आए और उन्हें हिंदी सिनेमा का अनडिस्प्युटेड लॉयन बता दिया। आयुष्मान ने रणवीर के पावरहाउस प्रदर्शन और फिल्म की इंटेंसिटी की तारीफ की है। गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद जैसी छुट्टियों की वजह से फिल्म की कमाई के आंकड़े काफी तेजी से बढ़ रहे हैं और यह लगातार पार्ट-1 की कमाई के रिकॉर्ड तोड़ती चली जा रही है।
रणवीर सिंह की तारीफ में क्या बोले आयुष्मान?
आयुष्मान खुराना ने तारीफ करते हुए लिखा कि फिल्म देखने के 3 दिन बाद भी वह इसके खुमार से नहीं निकल पाए हैं। उन्होंने डायरेक्टर आदित्य धर को एक अलग ही लेवल का फिल्ममेकर बताया। आयुष्मान खुराना ने अपनी इंस्टा पोस्ट में लिखा- अगर किसी को लगता है कि आदित्य सिर्फ एक ही जॉनर की फिल्म बना सकते हैं, तो वे गलत हैं। फिल्म के ग्राफ और हर विभाग के बीच के तालमेल को देखकर कहा जा सकता है कि वह किसी भी जॉनर की फिल्म को बखूबी अंजाम दे सकते हैं। रणवीर सिंह के बारे में उन्होंने कहा कि वे सिर्फ ल्यारी के नहीं बल्कि हिंदी सिनेमा के असली शेर बन गए हैं। आयुष्मान के मुताबिक रणवीर की परफॉर्मेंस ने उनके किरदार को स्क्रीन की ऊंचाइयों से कहीं ऊपर पहुंचा दिया है।
अनुपम खेर और अर्जुन कपूर ने भी की तारीफ
आयुष्मान खुराना ने अपनी पोस्ट में फिल्म की बाकी स्टारकास्ट के बारे में भी बात की है। आयुष्मान ने अर्जुन रामपाल के ग्रेस और आर माधवन की बेहतरीन परफॉर्मेंस की तारीफ की। उन्होंने संजय दत्त के सिग्नेचर स्वैग, सारा अर्जुन की मौजूदगी, गौरव गेरा की मासूमियत और राकेश बेदी के शातिर किरदार की भी तारीफ की। आयुष्मान के अलावा दिग्गज एक्टर अनुपम खेर और अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर धुरंधर-2 की खूब तारीफ की है। अनुपम खेर ने लिखा कि यह फिल्म हर जेनरेशन की ऑडियंस को बांधे रखने में सक्षम है। वहीं अर्जुन कपूर ने भी रणवीर सिंह की फोटो पोस्ट कर खुशी जताई है।
धुरंधर-2 की कहानी में क्या है पार्ट-1 से अलग?
धुरंधर 2 में रणवीर सिंह ने हमजा अली मजारी नाम के एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया है। उसे पाकिस्तान के भीतर घुसकर एक बड़े आतंकी नेटवर्क को तबाह करने का मिशन सौंपा जाता है। रणवीर सिंह ने फिल्म के पार्ट-1 में सिर्फ जासूस वाला अवतार दिखाया था, लेकिन पार्ट-2 में आपको यह देखने को मिलता है कि आखिर हमजा के हाथ यह मिशन लगा कैसे? आखिर उसका अतीत क्या है, और क्या है वो वजह, जिसके चलते वो अपनी जान हथेली पर लेकर एक ऐसी गैंग का हिस्सा बन गया है, जिसमें आतंकवादियों के करीब रहकर ही वो अपने देश की सुरक्षा का इंतजाम कर रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन