आयुष्मान खुराना को जुगाड़ लगाकर मिला था यह रोल, चोरी-छिपे किया था न्यूकमर एक्टर का पीछा
आयुष्मान खुराना ने बताया कि स्ट्रगल के दिनों में वो बस ऑडिशन देने के लिए निकल पड़ते थे। उन्हें पता भी नहीं होता था कि ऑडिशन कहां हो रहे हैं, कौन सी जगह कहां है।

बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना पिछले दिनों अपनी फिल्म 'थामा' को लेकर काफी चर्चा में रहे। फिल्म में रश्मिका मंदाना ने फीमेल लीड रोल प्ले किया था और यह मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म थी। आयुष्मान खुराना बॉलीवुड के कुछ सबसे आकर्षक और कामयाब कलाकारों में गिने जाते हैं, उनके करियर की शुरुआत काफी चुनौतीपूर्ण रही थी यह तो सभी को पता है, लेकिन क्या आपको मालूम हो कि एक रोल को पाने के लिए एक बार उन्होंने एक न्यूकमर एक्टर का पीछा किया था।
जब रेडियो का ऑडिशन देने पहुंचे एक्टर
आयुष्मान खुराना ने एक पॉडकास्ट में बताया, “मैं ऑडिशन के लिए जाता था और मुझे पता नहीं था कि ऑडिशन्स कहां होतें और सच कहूं तो कुछ भी नहीं पता था। मैं एक बार रेडियो का ऑडिशन करने के लिए गया तो वहां पर NSD का आर्टिस्ट बैठा हुआ था। वो फोन पर बात कर रहे थे कि मैं बालाजी का ऑडिशन देने के लिए अभी जा रहा हूं। मैंने उनसे पूछा कि भैया यह ऑडिशन कहां चल रहा है? तो उन्होंने कहा कि मैं बता नहीं सकता क्योंकि वो इनवाइट करते हैं तभी आप जा सकते हो।”
पीछा करते-करते पहुंच गए ऑडिशन देने
आयुष्मान खुराना ने कहा, "मैंने देखा कि वो जा रहा है तो मैंने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। मैं उसके पीछे-पीछे गया, उसने ऑटो लिया तो मैंने दूसरा ऑटो लेकर बंदे से कहा कि उसके पीछे-पीछे चलो। मतलब मुझे पता ही नहीं था कि बालाजी का ऑफिस कहां पर है। ऑटो रुका, वो अंदर घुसा तो पीछे-पीछे मैं घुस गया। मुझे बाहर रोका गया, उन्होंने पूछा- कहां जा रहे हो? मैंने कहा ऑडिशन देने जा रहा हूं। उन्होंने कहा- जाओ।" आयुष्मान खुराना ने बताया कि उन्होंने उस लड़के का ऑडिशन देखा।
आयुष्मान खुराना का हो गया था सिलेक्शन
एक्टर ने बताया कि उसने बहुत बुरा ऑडिशन दिया था। तो मैंने सोचा कि यह इतना बुरा कर रहा है और इसे इनवाइट किया है तो मेरा तो हो ही जाएगा। मैंने ऑडिशन दिया तो मेरा हो गया। आयुष्मान खुराना से जब पूछा गया कि यह कौन सा रोल था? तो उन्होंने कहा कि कयामत करके एक सीरियल आता था, उसमें मुझे सेकंड लीड रोल ऑफर किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन