अरशद वारसी ने इस शर्त पर किया था सर्किट का रोल, पहले तब्बू होने वाली थीं 'मुन्ना भाई' में लीड एक्ट्रेस
अरशद वारसी को मुन्ना भाई एमबीबीएस में अपना रोल पसंद नहीं आया था और उन्होंने यह फिल्म रिजेक्ट कर दी थी। लेकिन बाद में उन्हें राजकुमार हिरानी का व्यवहार अच्छा लगा और एक शर्त पर फिल्म करने को राजी हो गए।

क्या आपको मालूम है कि 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' में सर्किट का रोल प्ले करने वाले एक्टर अरशद वारसी असल में यह फिल्म करने ही नहीं वाले थे। अरशद वारसी को यह फिल्म और इसमें अपना हीरो के दोस्त का रोल प्ले करने वाला कॉन्सेप्ट समझ नहीं आया था और वह इस फिल्म के लिए मना करने जा रहे थे। हालांकि रास्ते में उन्हें उनकी एक टैरो कार्ड रीडर दोस्त मिलीं, जिन्होंने उन्हें कुछ ऐसी बातें बताईं जो वक्त के साथ सही साबित होने लगीं। साथ ही एक दोस्ती वाला एंगल भी जुड़ गया, जिसके चलते अरशद ने यह फिल्म करने का फैसला किया। क्या था यह पूरा किस्सा? चलिए जानते हैं।
पहले तब्बू करने वाली थी लीड रोल
अरशद वारसी ने 'द लल्लनटॉप' के शो 'गेस्ट इन द न्यूजरूम' में बातचीत के दौरान बताया कि उस वक्त तब्बू फिल्म में लीड रोल प्ले करने वाली थीं, लेकिन जब उन्होंने अपनी टैरो कार्ड रीडर दोस्त को फिल्म की स्टार कास्ट और बाकी तमाम चीजों के बारे में बताया तो उन्होंने जोर देकर कहा कि अरशद को यह फिल्म करनी चाहिए और यह उनके लिए लाइफ चेंजिंग साबित होगी। लेकिन बावजूद इसके अरशद को उनकी बात पर भरोसा नहीं था। लेकिन जाने से पहले अरशद को उनकी दोस्त ने बताया था कि फिल्म की एक्ट्रेस बदल दी जाएगी।
अरशद वारसी ने रखी थी यह शर्त
हुआ भी यही। अरशद वारसी जब राजकुमार हिरानी से मिलने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि तब्बू की डेट्स नहीं बैठ रही हैं इसलिए वो काम नहीं करेंगी। अरशद वारसी को अपनी दोस्त की बात याद आई, लेकिन बावजूद इसके उन्होंने फिल्म के लिए मना किया और अपनी वजह बताई। लेकिन राजकुमार हिरानी का व्यवहार और बर्ताव उन्हें बहुत अच्छा लगा। अरशद का राजकुमार हिरानी एक नेकदिल इंसान लगे और दोस्ती के चलते वह एक शर्त पर यह फिल्म करने के लिए तैयार हो गए।
अरशद ने इंप्रोवाइज किए थे ये डायलॉग
अरशद वारसी ने इसी इंटरव्यू में बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने राजकुमार हिरानी से कहा कि वो उन्हें इस फिल्म में फ्री छोड़ दें। जो करना चाहें उन्हें करने दिया जाए। राजकुमार हिरानी मान गए और उसके बाद जो कुछ हुआ, वो इतिहास है। अरशद वारसी ने इस किरदार का नाम बदलकर 'खुजली' से 'सर्किट' करवाया। अरशद ने बताया कि उनका उस चीनी आदमी को 'हक्का नूडल' बोलना। उसे 'हाऊ लॉन्ग' कहकर हाइट पूछना और फिर बोरी मिलने पर कहना कि 'इसमें घड़ी करके डालूं' क्या? ये सारे सीन उनके इंप्रोवाइज किए हुए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन