अमिताभ बच्चन हुए वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग के मुरीद, स्टार बल्लेबाज की तारीफ में किया यह ट्वीट
Amitabh Bachchan Praised Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के दीवाने हुए अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार देर रात एक ट्वीट करके इस 15 वर्षीय क्रिकेटर की तारीफों के पुल बांधे।

बॉलीवुड के महानायक एक्टर अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार देर रात एक ट्वीट करके क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफों के पुल बांधे। आईपीएल 2026 के फिनाले से पहले दोनों क्वालिफायर मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करके वैभव ने सबका दिल जीत लिया। अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट में वैभव की तारीफ करते हुए लिखा, 'सूर्यवंशी - 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्या। इस उम्र में तो हम बंटों और गुल्ली डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे।' बिग बी के इस ट्वीट पर लोगों का रिएक्शन भी देखने लायक है। जहां कुछ लोगों ने अमिताभ की तारीफों को हाथों-हाथ लिया, वहीं कुछ ट्रोलिंग की कोशिश करते दिखे।
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में कमाल
बात वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की करें तो राजस्थान रॉयल्स के इस स्टार खिलाड़ी ने IPL-2026 के क्वालिफायर मैचों में समा बांध दिया। पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने 37 गेंदों में 103 रन ठोक दिए, तो फिर वहीं गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हुए दूसरे क्वालिफायर मैच में 47 गेंदों में 96 रन मारकर सबको हक्का-बक्का कर दिया। मैच के दौरान कमेंटेटर भी वैभव की तारीफें करते नहीं थक रहे थे। हालांकि वैभव का योगदान काम नहीं आया, क्योंकि शुभमन गिल की आतिशी पारी की मदद से गुजरात टाइटन्स दूसरा क्वालिफायर जीत गई और 'राजस्थान रॉयल्स' फिनाले मैच से बाहर हो गई।
अमिताभ की पोस्ट पर लोगों के रिएक्शन
एक यूजर ने वैभव की टीम के फिनाले में नहीं पहुंच पाने को लेकर लिखा- सोचा था एक बार और बैटिंग देखने को मिलेगी। वहीं दूसरे ने लिखा- IPL का बहुत बड़ा फैन नहीं हूं। कोई हारे जीते फर्क नहीं पड़ता। लेकिन आज राजस्थान रॉयल्स के हारने का अफसोस बस इतना है कि वैभव सूर्यवंशी की एक और इनिंग देखने को नहीं मिलेगी। एक शख्स ने लिखा- सर गुल्ली डंडा क्रिकेट की जननी है। वैभव सूर्यवंशी भविष्य मे क्रिकेट का नायक है। आज बदकिस्मती से RR हार गई लेकिन सूर्यवंशी जीत गया। सूर्यवंशी के खेल के पीछे उनके पिताजी का त्याग, तपस्या, मेहनत है। उसको सेल्यूट करना चाहिए।"
अमिताभ बच्चन की अपकमिंग फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन की अपकमिंग फिल्मों में कल्कि 2898एडी (पार्ट-2) और सेक्शन-84 शामिल हैं। ये दोनों ही फिल्में इस साल सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती हैं। इसके अलावा नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण - पार्ट 1' में भी अमिताभ बच्चन अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। रणबीर कपूर और सई पल्लवी स्टारर इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के जटायूं की आवाज देने की चर्चा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन