नेपोटिज्म की बहस के बीच आलिया भट्ट ने किया आउटसाइडर्स को लॉन्च करने का ऐलान, सुनकर ऐसा था करण जौहर का रिएक्शन
एक्टिंग के बाद अब आलिया प्रोड्यूस भी बन चुकी हैं। आलिया ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'डॉन्ट बी शाई' के जरिए इंडस्ट्री के बाहर के लोगों को लॉन्च करने के बारे में बात की, और इस पर करण जौहर ने भी अपना रिएक्शन दिया।

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। साल 2012 में आलिया ने करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से बॉलीवुड में शानदार डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 'हाईवे', 'राजी', 'ब्रह्मास्त्र' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' जैसी फिल्मों में न सिर्फ अपनी दमदार एक्टिंग का दम दिखाया बल्कि, इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई। एक्टिंग के बाद अब आलिया प्रोड्यूस भी बन चुकी हैं। आलिया ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'डॉन्ट बी शाई' के जरिए इंडस्ट्री के बाहर के लोगों को लॉन्च करने के बारे में बात की, और इस पर करण जौहर ने भी अपना रिएक्शन दिया।
अमेजन प्राइम वीडियो ने जारी की लिस्ट
गुरुवार को, आलिया अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ अमेजन प्राइम वीडियो के इवेंट #ItStartsHere में शामिल हुईं। इस दौरान OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो ने साल 2026 के लिए अपनी आने वाली फिल्मों और शोज की लिस्ट जारी की। प्राइम वीडियो की आने वाली ओरिजिनल फिल्मों में से एक आलिया की 'डॉन्ट बी शाई' भी है। उन्होंने इस फिल्म के बारे में बात की और होस्ट करण जौहर के साथ उनकी काफी मजेदार बातचीत हुई।
आलिया के आउटसाइडर्स को लॉन्च करने की बात पर करण ने कुछ यूं किया रिएक्ट
इवेंट के दौरान, करण जौहर ने आलिया से कहा, 'आलिया, तुम सच में एक मंझी हुई प्रोड्यूसर बनने की कला में माहिर हो चुकी हो, क्योंकि किसी वजह से तुम्हारे जवाब मेरे सवालों से बिल्कुल अलग और अपने आप में पूरे लगते हैं।' आलिया ने जवाब दिया, 'हां, करण, क्योंकि एक्टर्स को लॉन्च करने का भी एक सही तरीका होता है।' इसके बाद करण ने मजाक में कहा, 'और जाहिर है, मुझे यह पता नहीं होगा, है ना? मैंने कभी ऐसा कुछ किया ही नहीं है।' यह इशारा करते हुए कि उन्होंने ही आलिया को बॉलीवुड में लॉन्च किया था।
करण की बात का आलिया ने दिया जवाब
आलिया ने जवाब दिया, 'खैर, मैं क्या कह सकती हूं? हमने सबसे बेहतरीन लोगों से सीखा है। और सबसे बेहतरीन लोगों ने हमें हमेशा यही सिखाया है कि हर चीज का एक सही समय होता है।' करण ने फिर कहा, 'मुझे तुमसे एक बहुत जरूरी सवाल पूछना है। यह बहुत अहम और गंभीर है, और यह स्क्रिप्ट में भी नहीं है। क्या वे बाहरी लोग हैं?' जब आलिया ने इस बात की पुष्टि की कि उनके आने वाले प्रोडक्शन की कास्ट में बाहरी लोग शामिल हैं।' इस पर करण ने उनसे कहा, 'मुझे तुम पर बहुत गर्व है।'
'डॉन्ट बी शाई' के बारे में
श्रीति मुखर्जी के निर्देशन में बनी 'डॉन्ट बी शाई' फिल्म को आलिया और शाहीन ने 'Eternal Sunshine' बैनर के तहत, 'Chalkboard Entertainment' के सहयोग से प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म श्यामली 'शाई' दास की कहानी है, जो 20 साल की एक लड़की है। उसे लगता है कि उसने अपनी जिंदगी की हर चीज को पूरी तरह से समझ लिया है, लेकिन तभी उसकी पूरी तरह से प्लान की हुई जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आता है जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी, और उसकी जिंदगी उसके कंट्रोल से बाहर होने लगती है। फिल्म की कास्ट और रिलीज डेट की घोषणा अभी तक की नहीं गई है।
आलिया भट्ट का वर्कफ्रंट
आलिया अभी अपनी आने वाली फिल्म 'अल्फा' के रिलीज होने का इंतज़ार कर रही हैं। शिव रवैल के निर्देशन में बनी यह फिल्म YRF के स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। इसमें आलिया के अलावा शारवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। ये मूवी 10 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा, उनके पास संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' भी पाइपलाइन में है, जिसका काम अभी चल रहा है। इस फिल्म में रणबीर कपूर और विकी कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन