भारत से टी20 वर्ल्ड कप में हारकर जब फूट-फूटकर रोने लगे थे बांग्लादेश के खिलाड़ी, बताया पूरा मंजर
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान महमूदुल्लाह ने बताया कि उस हर के बाद बांग्लादेश के खिलाड़ी मैदान पर तो रोए ही, उनके आंसू होटल में भी नहीं रुके। हालांकि वह उस हार को जिंदगी बदल देने वाला मैच मानते हैं क्योंकि उन्होंने उस दिन काफी कुछ सीखा था।

इंडिया वर्सेस बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2016 का वो मुकाबला तो हर किसी को याद होगा जब बांग्लादेश ने मैच खत्म होने से पहले ही जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया था? मैच की आखिरी तीन गेंदों पर भारतीय टीम ने ऐसा मैच पलटा कि बांग्लादेश के मुंह से जीत छीन ली। उस मैच को एक दशक का समय हो गया है, मगर आज भी वो हार बांग्लादेश के खिलाड़ियों को दर्द देती है। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान महमूदुल्लाह ने बताया कि उस हर के बाद बांग्लादेश के खिलाड़ी मैदान पर तो रोए ही, उनके आंसू होटल में भी नहीं रुके। हालांकि वह उस हार को जिंदगी बदल देने वाला मैच मानते हैं क्योंकि उन्होंने उस दिन काफी कुछ सीखा था।
146 रनों को जब टीम इंडिया डिफेंड कर रही थी, तब बांग्लादेश को आखिरी ओवर में 11 रनों की दरकार थी। मुशफिकुर रहीम ने दूसरी और तीसरी गेंद पर बैक टू बैक दो चौके लगाकर लगभग-लगभग मैच बांग्लादेश की झोली में डाल दिया था। दूसरा चौका लगाने के बाद तो वह जीत का जश्न भी मनाने लगे थे। मगर उन्हें नहीं पता था अगली दो गेंदों पर उनके साथ क्या होने वाला है।
चौथी और पांचवीं गेंद पर हार्दिक पांड्या ने बैक टू बैक दो विकेट लेकर मैच में रोमांच का तड़का लगा दिया था। उन्होंने रहीम के साथ महमूदुल्लाह को आउट किया, जो बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने आखिरी गेंद बीट कराई, जिस पर एमएस धोनी ने विकेट के पीछे से रन आउट कर भारत को 1 रन से मैच जिताया।
इस मैच को लेकर महमूदुल्लाह ने एक पोडकास्ट में कहा, “मुझे नहीं पता कि भारत के खिलाफ उस मैच में क्या हुआ था। वह बहुत दुखद था। वह दिल तोड़ने वाला था। मुझे लगता है कि वह बेहद दिल तोड़ने वाला था। हम मैदान पर ही रो पड़े थे। जब हम होटल लौटे, तब भी हम रोए।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं, मुशफिकुर रहीम, हम सब रोए थे। टीम के कई और सदस्य भी रो रहे थे, क्योंकि हम भारत को हराने के बहुत करीब पहुँच गए थे। लेकिन निजी तौर पर, मेरी ज़िंदगी में, वह मेरे लिए एक बहुत बड़ा सबक था जिसने मेरी ज़िंदगी ही बदल दी।”





साइन इन