इंग्लैंड 1 ओवर पहले ही मैच जीत जाता..., भारत की जीत पर पाक क्रिकेटर मोहम्मद आमिर ने क्या कहा?
पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद आमिर ने कहा कि अगर हैरी ब्रुक और विल जैक्स के वे कैच अक्षर पटेल ने न पकड़े होते, तो इंग्लैंड यह लक्ष्य एक ओवर पहले ही चेज कर लेता। उनका मानना है कि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के हाथों से मैच छीन लिया।

टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड पर 7 रनों की रोमांचक जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है। एक पाकिस्तानी शो 'हारना मना है' में चर्चा के दौरान आमिर ने स्वीकार किया कि उनकी पिछली भविष्यवाणी गलत साबित हुई। उन्होंने भारतीय टीम के प्रदर्शन को सराहते हुए कहा, "भारत आज मुकम्मल क्रिकेट खेला है। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने ऐसी क्रिकेट नहीं खेली थी, लेकिन आज जितना भी क्रेडिट उन्हें दिया जाए वो कम है।" आमिर ने माना कि भारत ने सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है।
मैच के सबसे निर्णायक मोड़ पर बात करते हुए आमिर ने फील्डिंग को जीत और हार के बीच का सबसे बड़ा अंतर बताया। उन्होंने विशेष रूप से अक्षर पटेल द्वारा पकड़े गए हैरी ब्रुक और विल जैक्स के कैचों को मैच का टर्निंग पॉइंट करार दिया। आमिर ने कहा, "अगर हैरी ब्रुक और विल जैक्स के वे कैच अक्षर पटेल ने न पकड़े होते, तो इंग्लैंड यह लक्ष्य एक ओवर पहले ही चेज कर लेता।" उनके अनुसार, जब कोई इन-फॉर्म बल्लेबाज 15 रनों पर खेल रहा हो और आप उसका कैच पकड़ लेते हैं, तो वही मैच में अंतर पैदा करता है।
गेंदबाजी के विश्लेषण में आमिर ने जसप्रीत बुमराह को छोड़कर अन्य गेंदबाजों के प्रदर्शन पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "अगर मैं ओवरऑल बात करूं, तो बुमराह को छोड़कर दोनों टीमों की बॉलिंग काफी गंदी हुई है।" आमिर का मानना था कि बुमराह का फैक्टर भारतीय टीम के लिए बहुत बड़ा है, जो दबाव में भी सटीक गेंदबाजी करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि इंग्लैंड के पास अंत तक मैच जीतने का मौका था, लेकिन अक्षर पटेल की शानदार फील्डिंग और बुमराह के स्पेल ने इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
आमिर ने भारतीय टीम की मानसिकता और उनकी सटीक प्लानिंग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत को अच्छी तरह पता था कि यह विकेट केवल 200 रनों वाला नहीं है, इसलिए वे लगातार प्रहार करते रहे। आमिर ने कहा, "बड़ी टीमों की प्लानिंग ऐसी ही होती है। उन्हें पता था कि अगर हम टॉस हार गए हैं, तो हमें 230-240 रन बनाने ही होंगे तभी हम बच पाएंगे।" उन्होंने कहा कि भारत सही समय पर अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म (पीक) में आ गया है और अब फाइनल में उनका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा।
भारत 8 मार्च को फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिड़ेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत तीसरी बार इस विश्व कप का खिताब अपने नाम कर पाता है या नहीं।





साइन इन