We will come back stronger Suryakumar Yadav promise after the crushing defeat against South Africa t20 world cup हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे... दक्षिण अफ्रीका से करारी हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने जताया भरोसा, Cricket Hindi News - Hindustan

हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे... दक्षिण अफ्रीका से करारी हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने जताया भरोसा

टी20 विश्व कप के सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों करारी हार के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वादा किया है कि हम वापसी करेंगे। मजबूत होकर वापसी करेंगे। दक्षिण अफ्रीका से 76 रनों की हार के बाद भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के रास्ते बंद भले ही नहीं हुए हैं लेकिन मुश्किल जरूर हुए हैं।

Mon, 23 Feb 2026 10:11 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे... दक्षिण अफ्रीका से करारी हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने जताया भरोसा

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की लगातार 12 जीत का सिलसिला टूट चुका है। और टूटा भी तो सुपर-8 जैसे अहम चरण में। रविवार को दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के विजय रथ को रोकते हुए 76 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। इस स्तर की हार के बाद अब टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना खत्म भले न हुई हो, लेकिन कमजोर जरूर हुई है। अब टीम को सुपर-8 में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने बाकी दोनों मुकाबलों को न सिर्फ जीतना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीतना होगा। दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वादा किया है- हम वापसी करेंगे, मजबूत होकर वापसी करेंगे।

मैच के बाद सूर्या ने कहा, ‘मुझे लगता है कि जब हमने मैच शुरू किया तब से हमेशा गेम में बने हुए थे। मुझे लगता है कि हमने शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी की। 21 रन पर तीन विकेट ले चुके थे लेकिन जिस तरह से उन्होंने 7 से 15 ओवर के बीच बल्लेबाजी की, मैं समझता हूं वो वाकई बहुत अच्छी बैटिंग थी। और उसके बाद भी हमने बाद में वापसी की। कुल मिलाकर अगर हम देखें तो हमने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन हम बल्लेबाजी थोड़ी बेहतर कर सकते थे। जब आप 180-185 का पीछा कर रहे होते हैं तो कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है। आप पावरप्ले में गेम नहीं जीत सकते लेकिन आप पावरप्ले में मैच जरूर हार सकते हैं। हमने पावरप्ले में कई विकेट खोए और उसके बाद हम छोटी-छोटी साझेदारी भी नहीं कर पाए। लेकिन यह सब कुछ खेल का हिस्सा होता है। हम इससे सीखते हैं, हम सोचेंगे और कहीं ज्यादा मजबूती के साथ वापसी करेंगे।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:क्या भारत अब भी विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंच सकता है? यहां जानिए पूरी डिटेल

दक्षिण अफ्रीका के 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया मार्को यानसेन (22 रन पर चार विकेट), केशव महाराज (24 रन पर तीन विकेट) और कोर्बिन बॉश (12 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। मेजबान टीम की ओर से सिर्फ शिवम दुबे (42 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, एक चौके) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से डेविड मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेली। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद सात विकेट पर 187 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ये हैं SA से हार के टीम इंडिया के 5 'गुनहगार', ईशान ने तो दिल ही तोड़ डाला

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बुमराह और अर्शदीप की तेज गेंदबाजी जोड़ी की सराहना की। उन्होंने कहा,'हर कोई जानता है कि उनकी जोड़ी कितनी खतरनाक रही है। दोनों ने आठ ओवर गेंदबाजी की, पांच विकेट लिए और 45-50 रन दिए। वे साझेदारी में अच्छी गेंदबाजी करते हैं और उन्हें अपनी टीम में पाकर अच्छा लगता है।'

बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सूर्या का भी आ गया उस शर्मनाक लिस्ट में नाम, जिसमें पहले से थे धोनी और रोहित

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत ही काफी खराब रही। पिछले 3 मैचों में खाता खोलने में नाकाम रहे अभिषेक शर्मा इस मैच में खाता तो खोल पाए लेकिन इस बार जबरदस्त फॉर्म में चल रहे ईशान किशन पहले ही ओवर में शून्य पर आउट हो गए। दूसरे ओवर में तिलक वर्मा भी चलते बने। उसके बाद अभिषेक शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास नहीं कर पाए। 51 रन पर भारत के 5 विकेट गिर चुके थे। तब हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से उम्मीदें थीं। 86 के टीम स्कोर पर पांड्या भी आउट हो गए और उसी ओवर में रिंकू सिंह भी बिना खाता खोले निपट गए। आखिरकार भारतीय टीम 111 रन के स्कोर पर सिमट गई। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका को 2 अंक तो मिले ही, साथ में उसका नेट रनरेट +3.8 का हो गया जबकि भारत का नेट रनरेट -3.8 का हो चुका है और सुपर-8 में अंक शून्य हैं।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।