थोड़ा सा नर्वस था; जसप्रीत बुमराह को 2 छक्के जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी ने बताया तब क्या सोच रहे थे
आईपीएल इतिहास में पावर प्ले के दौरान बुमराह की गेंदों पर सबसे ज्यादा छक्के विराट कोहली के नाम हैं। उन्होंने 40 गेंदों में 3 छक्के लगाए हैं लेकिन सूर्यवंशी ने तो 5 गेंदों में दो छक्के जड़ दिए हैं। अब उन्होंने खुलासा किया है कि बुमराह का सामना करते वक्त वह क्या सोच रहे थे।

वैभव सूर्यवंशी ने जब पहली बार दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह का सामना किया तब वह थोड़े नर्वस थे। लेकिन 15 साल के इस लड़के ने तो गजब ही कर डाला। पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। उसी ओवर में दूसरा छक्का भी जड़ दिया। जसप्रीत बुमराह के सामने पावर प्ले में कोई बल्लेबाज ऐसी हिमाकत नहीं करता। आईपीएल इतिहास में पावर प्ले के दौरान बुमराह की गेंदों पर सबसे ज्यादा छक्के विराट कोहली के नाम हैं। उन्होंने 40 गेंदों में 3 छक्के लगाए हैं लेकिन सूर्यवंशी ने तो एक ही मैच में और सिर्फ 5 गेंदों में ही बुमराह को दो छक्के जड़ दिए हैं। अब राजस्थान रॉयल्स के इस क्रिकेट सनसनी ने खुलासा किया है कि बुमराह का सामना करते वक्त वह क्या सोच रहे थे।
'बोलर नहीं, बॉल देख रहा था'
मंगलवार को बारिश से प्रभावित 11-11 ओवर के मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रनों से हराकर आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर जगह बना ली। मैच में आरआर के दोनों ओपनरों यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से गर्दा मचा दिया था। राजस्थान रॉयल्स ने अपने ऑफिशल सोशल मीडिया हैंडल पर वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह बता रहे हैं कि बुमराह का सामना करते वक्त थोड़े नर्वस थे। फिर भी उन्होंने गेंदबाज के नाम को देखने के बजाय गेंद को देखने पर फोकस किया।
'इतना बड़ा बोलर सामने है, ये सोचकर थोड़ा नर्वस था'
वंडर बॉय ने कहा, ‘यही ट्राई कर रहा था कि बोलर को न देखूं, बस बॉल को खेलने की कोशिश करूं। थोड़ा सा नर्वस था कि इतना बड़ा बोलर सामने है लेकिन मैं ट्राई कर रहा था कि मेरा जो (नेचुरल) गेम है, उसके बैक करूं। बोलर को न देखकर, बॉल को देखकर खेलें।’
जब वैभव सूर्यवंशी से पूछा गया कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में आखिर उनकी क्या इच्छा बाकी रह गई तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘दो इनिंग्स से मैं लगातार अच्छे शॉट खेलकर आउट हो रहा था। पहले मैच में भी अच्छा शॉट खेलकर आउट हो गया था, गेंद फील्डर के हाथ गया। इसलिए मुझे लगा कि आज मैं पूरा खेल सकता था। अगर मैं पूरा खेलता तो और बड़ा स्कोर होता। लेकिन कोई बात नहीं, अगले मैच में देखता हूं।’
यशस्वी जायसवाल से तब क्या बात हो रही थी?
ओपनिंग के दौरान यशस्वी जायसवाल से क्या बातचीत हो रही थी, इसके जवाब में सूर्यवंशी ने कहा, ‘उन्होंने मुझे बोला कि मारते रहो। मुझे उनकी बैटिंग काफी अच्छी लगी। उनकी वजह से मेरे ऊपर से दबाव कम हुआ।’
इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने यह भी खुलासा किया कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से एक दिन पहले वह ड्रिल के लिए जल्दी क्यों गए थे। उन्होंने कहा, ‘ये ड्रिल बहुत मदद करते हैं क्योंकि कम दूरी से फेंकी जाती है और वह बहुत तेज थ्रो करते हैं। इससे आपको बोलर का सामना करने के लिए अतिरिक्त समय मिल जाता है। पिछले मैच के बाद मुझे लगा कि एक या दो पॉइंट ऐसे हैं जिस पर मुझे काम करने की जरूरत है। इसलिए मैं ड्रिल पर पहले गया और मैच में मुझे निश्चित तौर पर उसका फायदा मिला।’
राजस्थान रॉयल्स का अब अगला मुकाबला 10 अप्रैल को गुवाहाटी में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के साथ है। उस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी पर निगाहें होंगी। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में अब तक अपने सभी तीनों मैच जीते हैं और पॉइंट्स टेबल पर टीम टॉप पर है। उसके बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के पास ऑरेंज कैप है जब उसी के गेंदबाज रवि बिश्नोई के पास पर्पल कैप है।





साइन इन