वैभव सूर्यवंशी के खौफ के आगे बुमराह भी सोचने को हुए मजबूर, स्टेन ने कहा- गेंदबाजों में डर पैदा कर दिया
डेल स्टेन ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग ने गेंदबाजों में थोड़ा डर पैदा कर दिया है। उनका मानना है कि बुमराह जैसे गेंदबाज भी उनके खिलाफ सोचने को मजबूर हो गए होंगे।

राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ सही गेंदबाजी योजना बनाना बेहद ही मुश्किल है। यहां तक कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए भी यह एक टेढ़ी खीर है। डेल स्टेन का मानना है कि राजस्थान के सलामी बल्लेबाजों ने गेंदबाजों में डर पैदा कर दिया है। डेल स्टेन ने कहा कि वैभव को गेंदबाजी करते समय बुमराह भी सोच रहे होंगे कि गलती मत करना क्योंकि अगर गलती हुई तो ये छक्का मार देंगे। राजस्थान और मुंबई के बीच हुए मैच में वैभव ने बुमराह के पहले ही ओवर में दो छक्के लगाए थे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरआर ने दीपक चाहर के पहले ओवर से 22 रन बनाए और पांच ओवर में उनकी टीम 80/1 तक पहुंच गई। जयवर्धने ने यह सही कहा कि एमआई ने वापसी की। छठे से दसवें ओवर के बीच सिर्फ़ 52 रन बने और आख़िरी ओवर में 18 रन। लेकिन शुरुआत में हुआ नुक़सान एमआई के लिए भारी साबित हुआ। हालांकि आरआर की बल्लेबाजी में जायसवाल स्टार रहे, जिन्होंने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए। लेकिन उतना ही असर सूर्यवंशी की पारी का भी रहा। उन्होंने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए। डेल स्टेन ने कहा कि गेंदबाज, यहां तक कि बुमराह जैसे बेहतरीन खिलाड़ी भी, सूर्यवंशी के खिलाफ थोड़ा मानसिक दबाव में आ सकते हैं।
बुमराह भी सोचने को हुए मजबूर
स्टेन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के टाइम आउट शो में कहा, "सच कहूं तो उन्होंने गेंदबाजों में थोड़ा डर पैदा कर दिया है कि वह आपके पीछे बाउंड्री के लिए ही जाएगा। खासकर बुमराह की सूर्यवंशी को डाली गई पहली गेंद, जो मिड-ऑन के ऊपर गई। बुमराह की वह गेंद स्लॉट में थी। बुमराह के खिलाफ ऐसा करना बहुत दुर्लभ है। महान बुमराह भी मन में सोच रहे होंगे कि 'गलती मत करना; क्योंकि अगर गलती हुई, तो यह खिलाड़ी मुझे छक्का मारेगा'।"
सूर्यवंशी फिलहाल वही कर रहे हैं। दरअसल, आपको बहुत बड़ी गलती करने की भी जरूरत नहीं है। वह आपको छोटी गलतियों पर भी सजा दे सकते हैं। स्टेन ने गेंदबाजों की मानसिकता पर कहा, “आप देख सकते हैं, जब वैभव ने छक्का मारा, तो वह (बुमराह) थोड़ा हंसे और जैसे कहा, 'मुझे पता था अगर मैं गलती करूंगा तो ऐसा ही होगा'। और वही हुआ। यह लड़का डरता नहीं है। अगर आप हाफ-वॉली डालते हैं, तो वह आपको मैदान के बाहर मार देगा। इसलिए अपनी लेंथ पीछे खींचो और अच्छी लेंथ डालो, तब शायद आप उस पर नियंत्रण पा सकते हैं। लेकिन अगर आप चूक गए, तो गेंद दूर जाएगी। फर्क नहीं पड़ता कि आप कौन हैं, बुमराह या कोई आम गेंदबाज। यह बेहतरीन बल्लेबाजी है।”
आईपीएल 2026 में अपना लगातार दूसरा मैच गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने आरआर से मैच हारने के बाद कहा, "हां, मुझे लगता है हमारे पास कुछ योजनाएं थी, लेकिन सच कहूं तो हम उन्हें उस तरीके से लागू नहीं कर पाए जैसा हम चाहते थे।"
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जयवर्धने ने कहा, "हमें इस ख़तरे का अंदाज़ा था, ख़ासकर जब बारिश के कारण मैच 11-11 ओवर का हो गया और शुरुआत में हमें खुलकर खेलने की छूट मिली। हमें सुनिश्चित करना था कि पहले चार-पांच ओवर हमारे लिए अहम हों। मुझे लगा कि हमने उनकी शुरुआत के बाद अच्छी वापसी की। लेकिन हां, हमने अपनी लाइन-लेंथ मिस की और उन्होंने बहुत अच्छा खेला।"





साइन इन